आईआरसीटीसी तीर्थयात्रियों को इस माह चार ज्योतिर्लिंग के दर्शन करवाएगा। सात रात और आठ दिन के इस पैकेज को शुक्रवार को लॉन्च किया गया। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि यात्रा 15 मार्च से शुरू होगी, जो लखनऊ में 22 मार्च को खत्म होगी।
इस पैकेज के तहत तीर्थयात्रियों को ओंकारेश्वर, महाकालेश्वर, सोमनाथ और नागेश्वर ज्योर्तिलिंग के दर्शन कराए जाएंगे।
इसमें द्वारिकाधीश मंदिर और साबरमती आश्रम की यात्रा भी शामिल है। यात्री वाराणसी, जौनपुर, शाहगंज, अकबरपुर, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर व झांसी से इस यात्रा में शामिल हो सकेंगे।
ट्रेन के स्लीपर क्लास में सफर के लिए प्रति व्यक्ति 7560 रुपये देना होगा। इसमें तीन समय का शाकाहारी भोजन और ठहरने का शुल्क शामिल है।
बुकिंग के लिए हेल्पलाइन नंबर 9794863619/9794863629 व 9794863631 पर संपर्क कर सकते हैं।