यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दिवंगत अभिनेता दिलीप कुमार को श्रद्घांजलि दी है। उन्होंने अपने विवाह की तस्वीर शेयर की जिसमें दिलीप कुमार उन्हें आशीर्वाद देने आए थे।
अखिलेश यादव ने अपने शोक संदेश में लिखा कि मौत उन्हें कहीं ले जा नहीं सकती और चाहने वालों की याद उन्हें कहीं जाने नहीं देगी… वो ‘मुग़ल-ए-आज़म’ का बगावती अंदाज़… ‘सलीम’ का अमर किरदार… आप कहीं नहीं जा सकते दिलीप साहब। श्रद्धांजलि!
आज पुरानी राहों से, कोई मुझे आवाज़ न दे…
आज नई मंज़िल है मेरी, कल के ठिकाने भूल चुका…
वहीं, समाजवादी पार्टी के ट्विटर अकाउंट से भी उन्हें श्रद्घांजलि दी गई। ट्वीट में सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और दिलीप कुमार की तस्वीर पोस्ट करते हुए लिखा गया है कि महान अभिनेता दिलीप कुमार साहब का निधन भारतीय फिल्म जगत के लिए अपूरणीय क्षति है! शोक संतप्त परिवार के प्रति गहन संवेदना! दिवंगत आत्मा को शांति दे भगवान। भावभीनी श्रद्धांजलि!
इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ट्वीट कर उन्हें श्रद्घांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय सिनेमा जगत के पुरोधा, अभिनय सम्राट, असंख्य कलाकारों के प्रेरणास्रोत श्री दिलीप कुमार जी का निधन फिल्म जगत की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
भारतीय फिल्मजगत बाॅलीवुड की प्रसिद्ध व जानी-मानी हस्ती दिलीप कुमार के आज निधन की खबर अति-दुःखद। उनकी पत्नी सायरा बानो व उनके चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।अपनी अदाकारी से फिल्मजगत में अमिट छाप छोड़ने वाले दिलीप कुमार को विनम्र श्रद्धांजलि।उनकी फिल्में हमेशा यादगार रहेंगी।
दिग्गज अभिनेता दिलीप कुमार का आज सुबह निधन हो गया। वे 98 साल के थे। बॉलीवुड में 'ट्रैजेडी किंग' के नाम से मशहूर दिलीप कुमार ने हिंदी सिनेमा को 'मुगले आजम', 'मधुमती', 'देवदास' और 'गंगा जमुना' जैसी बेहतरीन फिल्में दीं और करीब 60 साल तक सिल्वर स्क्रीन पर राज किया। उनके निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लेकर बॉलीवुल के तमाम सितारे उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।