लखनऊ की बेटी आद्या संतोष ने मेरठ में आयोजित क्षेत्रीय घुड़सवारी लीग में शो जंपिंग में स्वर्ण व कांस्य पदक जीतकर लखनऊ का नाम रोशन किया है। छावनी स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल की कक्षा आठवीं की छात्रा आद्या के पिता संतोष मध्य कमान में बिग्रेडियर हैं। मेरठ के आरवीसी सेंटर में आयोजित दो दिवसीय लीग 14 सितंबर से शुरू हुई थी।
मध्य कमान पीआरओ ने बताया कि आद्या पिछले दो वर्षों से मध्य कमान में घुड़सवारी का अभ्यास कर रही हैं। वह पुणे स्थित सेडार एक्वेसटेरियन फार्म तथा एम्बासी राइडिंग सूल बंगलूरू के प्रोफेशनल कोच आशीष लिमाय व संयोगिता कडु से ट्रेनिंग ले चुकी हैं।
आद्या क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धाओं के दो राउंड में विजेता रही हैं। अब बंगलूरू में दिसंबर में होने वाली जूनियर नेशनल्स में प्रतिभाग करेगी। बता दें कि सेंट्रल कमांड इक्विटेशन ट्रेनिंग नोड घुड़सवारी खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए है। इसमें सेना के सभी रैंकों के कर्मियों व उनके आश्रितों को ट्रेनिंग दी जाती है।
जिससे घुड़सवारी बच्चों के लिए सर्वेश्रेष्ठ हॉबी बन जाती है। इससे बच्चों में उत्साह, विश्वास व जानवरों के प्रति प्रेम की भावना बलवती होती है। नोड में बेहतरीन घोड़े व श्रेष्ठ प्रशिक्षक और स्टाफ उपलब्ध है। ट्रेनिंग नोड में शो जंपिंग व घुड़सवारी के लिए स्प्रिंकलर सिस्टम से मैदान को तैयार किया जाता है।
घोड़ों के साथ जम्पिंग के लिए नई कूदें व अड़चनें(आब्सटेकल्स) बनाए गए हैं। यहां रिमाउन्ट वेटेरेनरी सेन्टर डिपो एवं ट्रेनिंग सेन्टर द्वारा राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग दी जाती है।