गजब है रेलवे का हाल। ‘आम तो आम’ अब ‘वीवीआईपी ट्रेनें’ भी बदहाली का शिकार दिखाई दे रही हैं।
रेल मंत्रालय की महत्वाकांक्षी ट्रेन हमसफर एक्सप्रेस का एसी फेल होने और घुटन से एक यात्री के बेहोश होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके अलावा अवध आसाम एक्सप्रेस के चारों एसी कोच की कूलिंग ठप होने पर यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेेन रोक दी।
बीते शनिवार रात गोरखपुर से आनंदविहार जा रही हमसफर एक्सप्रेस (12571) के बी-7 कोच में एसी फेल होने की शिकायत यात्री ने दर्ज करवाई। इसके बावजूद कूलिंग ठीक नहीं करवाई गई। कोच में उमस और घुटन बढ़ती चली गई और एक यात्री बेहोश हो गया।
मामले की शिकायत पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक से की गई तो उन्होंने जल्द कार्रवाई की बात कही। इतना ही नहीं आनंदविहार से गोरखपुर आ रही हमसफर एक्सप्रेस(12572) की बी-10 बोगी में यात्रा कर रहे अखिलेश पांडेय ने सोप डिस्पेंसर नहीं होने की शिकायत की।
रविवार को चारबाग रेलवे स्टेशन पर अवध आसाम एक्सप्रेस (15909) में चारों एसी कोचों में कूलिंग ठप हो गई। ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर दोपहर 12.40 से 1.30 बजे तक खड़ी रही। एसी ठीक कराए बगैर ट्रेन को रवाना करने की कोशिश की गई तो यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी। दरभंगा अहमदाबाद एक्सप्रेस (19166) में यात्रा कर रहे कृष्णा एम. पांडेय ने शिकायत दर्ज कराई कि ट्रेन दस घंटे लेट थी और एसी फेल होने से दिक्कतें बढ़ गईं।