योग के अभ्यास को संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए फायदेमंद माना जाता है। मानसिक और शारीरिक सेहत को फिट बनाए रखने के लिए सभी लोगों को रोजाना योग करने की सलाह दी जाती है। शोध से पता चला है कि योग, वजन घटाने से लेकर पीरियड्स के दर्द को कम करने, हृदय स्वास्थ्य को बढ़ावा देने और सुचारू पाचन सुनिश्चित करने में आपकी मदद कर सकते हैं। इसके अलावा नियमित योग करने वाले लोगों को उम्र बढ़ने के साथ सेहत से संबंधित समस्याओं का जोखिम भी कम होता है।
आज का योग: जीवनशैली में शामिल कर लीजिए यह तीन योगासन, बुढ़ापे तक रहेंगे फिट
नौकासन योग
योग विशेषज्ञों के मुताबिक सभी लोगों को रोजाना नौकासन योग का अभ्यास जरूर करना चाहिए। यह आसन पेट की मांसपेशियों की कार्यक्षमता को बढ़ाने, पाचन स्वास्थ्य को बेहतर रखने और पेट की चर्बी को कम करने में मददगार है। यह पेट और पैर की मांसपेशियों को भी मजबूत करता है। इस योग के अभ्यास से मोटापा का जोखिम कम हो जाता है, जिसे कई तरह की बीमारियों का मुख्य कारण माना जाता है।
प्राणायाम का अभ्यास
शरीर में ऑक्सीजन और रक्त के संचार को बेहतर बनाए रखने में प्राणायाम योग का अभ्यास सबसे फायदेमंद माना जाता है। यह तनाव-चिंता और अवसाद जैसी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को कम करने में भी सहायक योग है। इस योग के अभ्यास से फेफड़े और हृदय मजबूत होते हैं जिससे भविष्य में सांस संबंधी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है।
भुजंगासन योग के लाभ
भुजंगासन या कोबरा पोज का नियमित रूप से अभ्यास करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। यह मुद्रा आपकी पीठ के लचीलेपन में सुधार करती है और पेट, गर्दन और कंधों को टोन करती है। यह रक्त परिसंचरण को ठीक करने के साथ आपको थकान और तनाव से छुटकारा दिलाने में भी सहायक है। योग विशेषज्ञों के मुताबिक भुजंगासन का अभ्यास करने से आपको बुढ़ापे में होने वाली कई तरह की समस्याओं से राहत मिल सकती है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।