जीवनशैली और आहार में गड़बड़ी का जिन अंगों पर सबसे अधिक नकारात्मक प्रभाव देखने को मिला है, बाल उनमें से एक हैं। वातावरण ने भी बालों की सेहत को काफी प्रभावित किया है, यही कारण है कि बहुत ही कम उम्र में ही लोगों को बाल झड़ने और बालों से संबंधित कई तरह की अन्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक बालों की समस्या धीरे-धीरे लोगों में सामान्य होती जा रही है, हालांकि अगर समय रहते इसपर ध्यान दिया जाए तो बालों को स्वस्थ और मजबूत किया जा सकता है। इसके लिए योगासनों का अभ्यास करना बेहतर विकल्प माना जाता है।
आज का योग: बालों की समस्या से हैं परेशान तो कीजिए इन योग का रोजाना अभ्यास, जल्द दिखने लगेगा लाभ
सर्वांगासन का करिए अभ्यास
सर्वांगासन या शोल्डर स्टैंड पोज पूरे शरीर का सबसे अच्छा व्यायाम है, इसमें विभिन्न मांसपेशियों के समूह शामिल होते हैं। बालों को मजबूत बनाने और इससे संबंधित समस्याओं को कम करने में इस योग के अभ्यास को फायदेमंद माना जाता है। यह आपके संतुलन के साथ-साथ शरीर के पॉश्चर में सुधार करने में भी मदद करता है। इसके अलावा यह आसन आपके सिर में रक्त संचार को बढ़ाता है, जो बालों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
शीर्षासन योग है लाभदायक
जिन लोगों को बालों की समस्या होती है उनके लिए शीर्षासन का अभ्यास करना बेहतर योग विकल्प माना जाता है। यह योगाभ्यास खोपड़ी में रक्त परिसंचरण में सुधार करता है जो बालों के झड़ने, बालों के पतले होने और गंजापन को कम करने में मदद करता है। यह आसन नए बालों के विकास में भी मदद करता है और बालों को सफेद होने से रोकता है। यह निष्क्रिय बालों के रोम को उनकी अधिकतम विकास क्षमता तक पहुंचने में सहायक है और इस प्रकार बालों के विकास में सुधार करता है।
उत्तानासन योग
उत्तानासन या कैमल पोज एक प्रभावी योग आसन है जिसमें महारत हासिल करने में कुछ समय लग सकता है। यह योग मुद्रा मांसपेशियों को फैलाने के साथ-साथ उन्हें आराम भी देती है। शरीर में ऑक्सीजन के स्तर और सिर में रक्त के प्रवाह को बढ़ाने में भी इसे लाभदायक माना जाता है। बालों के रोम को मजबूत बनाने और बालों को लंबा बनाने में भी इस योग के अभ्यास को फायदेमंद माना जाता है। यह योग न केवल आपके बालों की गुणवत्ता और बनावट में सुधार करता है बल्कि उन्हें चमकदार और घना भी बनाने में मददगार है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।