जीवनशैली और आहार से संबंधित गड़बड़ी के कारण हाल के वर्षों में कई तरह की बीमारियों का खतरा काफी बढ़ गया है। डायबिटीज और हृदय रोग ऐसी ही समस्याएं हैं, जिनसे पूरी दुनिया परेशान है। हृदय रोगों को दुनियाभर में मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक माना जाता है, वहीं डायबिटीज साइलेंट किलर डिजीज है जो शरीर में कई अन्य बीमारियों के जोखिम को बढ़ा सकती है। यही कारण है कि इन दोनों बीमारियों से बचाव के लिए सभी लोगों को नियमित प्रयास करते रहने की सलाह दी जाती है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक डायबिटीज और हृदय रोगों से सुरक्षित रहने के लिए स्वस्थ आहार के साथ शारीरिक गतिविधि आवश्यक है। इसके लिए दिनचर्या में योगसनों को शामिल करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।
आज का योग: डायबिटीज और हृदय रोगियों को जरूर करने चाहिए ये तीन योगासन, कंट्रोल में रहेगी बीमारी
पश्चिमोत्तानासन योग का करें अभ्यास
पश्चिमोत्तानासन योग शरीर के लिए कई तरह से विशेष लाभदायक हो सकता है। यह रक्तचाप को कम करने और वजन घटाने में मदद करता है जिससे रक्तचाप और ब्लड शुगर दोनों के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने में मदद मिल सकती है। पश्चिमोत्तानासन योग का नियमित अभ्यास चिंता, सिरदर्द और थकान को दूर करने में भी आपके लिए मददगार माना जाता है। शरीर में रक्त के संचार को बढ़ाने के साथ अंगों को स्वस्थ बनाए रखने में इस योग के लाभ हो सकते हैं।
सर्वांगासन योग
सर्वांगासन योग संपूर्ण शरीर को स्वस्थ और फिट बनाए रखने में कारगर माना जाता है। यह योग मुद्रा आपके सिर की ओर रक्त परिसंचरण को बढ़ावा देती है, जिससे त्वचा की बनावट और गुणवत्ता में सुधार होता है। ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित बनाए रखने और हृदय रोग के कारकों को कम करने में भी इस योग के नियमित अभ्यास से आपको लाभ मिलता है। यह आपकी त्वचा को पिंपल्स, मुंहासों, झुर्रियों से छुटकारा दिलाने में भी मदद करता है।
अनुलोम विलोम का अभ्यास
चिंता, तनाव या भावनाओं को नियंत्रित करने के लिए सांस का यह अभ्यास आपके लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। हृदय रोग और डायबिटीज के तमाम कारकों को कम करने और रक्तचाप-रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित रखने में इस योग के नियमित अभ्यास से लाभ मिलता है। योग विशेषज्ञों के मुताबिक अनुलोम विलोम का अभ्यास शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत को बेहतर बनाए रखने में सहायक माना जाता है।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।