राजधानी दिल्ली में हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ती जा रही है। रविवार को भी वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) काफी खराब-313 दर्ज किया गया। इस तरह की वायु गुणवत्ता को लेकर विशेषज्ञ चिंता जताते रहे हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यह हवा फेफड़ों के लिए गंभीर समस्याकारक हो सकती है, इसके कारण कई प्रकार के गंभीर रोगों के विकसित होने का जोखिम हो सकता है। वहीं जिन लोगों को पहले से ही सांस की समस्या रही है उनके लिए इस तरह की एक्यूआई जटिलताओं को बढ़ाने वाली हो सकती है। सभी उम्र के लोगों के लिए इसमें सावधानी बरतते रहने की आवश्यकता है।
Yoga Tips: बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण कमजोर हो रहे हैं फेफड़े, जानिए योगासनों से कैसे बनाएं इसे मजबूत?
सुखासन योग से फेफड़ों को मिलता है आराम
फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़ाने में सुखासन योग का अभ्यास करना लाभकारी हो सकता है। यह आसन फेफड़ों में रक्त परिसंचरण में सुधार करने के साथ फेफड़ों की मांसपेशियों से विषाक्त पदार्थों को बाहर करने में सहायक है। एकाग्रता में सुधार करने के साथ सांस की समस्याओं को ठीक करने में भी इस योग के अभ्यास से लाभ पाया जा सकता है। योग विशेषज्ञ बताते हैं कि यह आसन तनाव और चिंता को भी कम करता है, जिससे इसके मानसिक स्वास्थ्य में भी लाभ हो सकते हैं।
भुजंगासन योग से मजबूत होते हैं फेफड़े
भुजंगासन योग को कोबरा पोज के रूप में भी जाना जाता है, यह आसन फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़ावा देने में आपके लिए विशेष लाभकारी हो सकता है। फेफड़ों को मजबूत करने और साइटिका के दर्द को दूर करने में भी इस योग से लाभ पाया जा सकता है। जिन लोगों को अस्थमा की समस्या है, इस योग के अभ्यास से उनके लक्षणों में कमी देखी गई है। भुजंगासन योग संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है।
धनुरासन योग की बनाएं आदत
धनुरासन योग को फेफड़ों और हृदय के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। यह फेफड़ों से विषाक्त पदार्थों को निकालने के साथ छाती की मांसपेशियों को भी मजबूत और स्वस्थ बनाने में लाभकारी है। शारीरिक मुद्रा को ठीक करने और अंगों को स्वस्थ रखने के लिए भी इस योग के नियमित अभ्यास से लाभ पाया जा सकता है। रीढ़ और कमर से संबंधित समस्याओं के जोखिम को कम करने में भी इस योग के नियमित अभ्यास से आराम पाया जा सकता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।