Yoga For Height Increase: कुछ किशोर जल्दी लंबे हो जाते हैं जबकि कुछ देर से बढ़ते हैं। एक 10 साल के बालक की औसत लंबाई 138-142 सेमी होनी चाहिए। वहीं 14 साल के बालक की लंबाई 162 से 168 सेंटीमीटर होनी चाहिए। 18 साल के किशोर की लंबाई 173-178 सेमी आदर्श मानी जाती है। 13 से 16 साल के बीच बच्चों में बहुत तेजी से लंबाई बढ़ती है, जिसे "Growth Spurt" कहा जाता है।
Yoga Tips: नेचुरल तरीके से बढ़ाएं बच्चे की लंबाई, कराएं इन योगासनों का अभ्यास
कुछ विशेष योगासन शरीर को स्ट्रेच करते हैं, जिससे हड्डियों और मांसपेशियों का विकास होता है। यहां कुछ प्रभावी योगासन बताए गए हैं, जो बेटे की लंबाई बढ़ाने में सहायक हो सकते हैं।
ताड़ासन
यह आसन पूरे शरीर को खिंचाव देता है और रीढ़ की हड्डी को सीधा रखता है, जिससे लंबाई बढ़ने में मदद मिलती है। ताड़ासन के अभ्यास के लिए सीधे खड़े होकर दोनों हाथ सिर के ऊपर उठाएं। अब उंगलियों को आपस में फंसाकर हथेलियों को ऊपर की ओर करें। पैरों की एड़ियों को उठाकर पंजों पर खड़े हों। जितना संभव हो, शरीर को ऊपर की ओर खींचें।
भुजंगासन
यह रीढ़ की हड्डी के लचीलेपन को बढ़ाता है और ऊपरी शरीर को मजबूत करता है। इस आसन के अभ्यास के लिए पेट के बल लेटकर हाथों को कंधों के पास रखें। सांस लेते हुए शरीर के ऊपरी भाग को उठाएं और पीठ को पीछे की ओर झुकाएं। इस मुद्रा में 15-30 सेकंड तक रहें।
सर्वांगासन
यह आसन थायरॉयड ग्रंथि को उत्तेजित करता है, जो लंबाई बढ़ाने वाले हार्मोन को सक्रिय करता है। सर्वांगासन के अभ्यास के लिए पीठ के बल लेटकर धीरे-धीरे पैरों को ऊपर उठाएं। कमर को हाथों से सहारा देकर सीधा खड़ा करें। शरीर का भार कंधों और सिर पर रखें।
त्रिकोणासन
यह आसन शरीर को स्ट्रेच करता है और मांसपेशियों को मजबूत बनाता है। लंबाई बढ़ाने के लिए लड़के और लड़कियां इस योगासन का नियमित अभ्यास करें। इस आसन को करने के लिए सीधे खड़े होकर पैरों को फैलाएं। दाएं पैर को बाहर की ओर घुमाएं और हाथों को कंधे के स्तर पर फैलाएं। दाएं हाथ को नीचे की ओर झुकाएं और बाएं हाथ को ऊपर उठाएं। गर्दन को ऊपर की ओर रखें और कुछ सेकंड तक रुकें।
------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।