October Yoga Routine: सितंबर खत्म हो गया है, लेकिन फिटनेस का लक्ष्य क्यों खत्म हो? अक्टूबर की शुरुआत अपने रूटीन को दोबारा पटरी पर लाने का अच्छा मौका हो सकती है। इसके लिए जिम की भारी-भरकम एक्सरसाइज या घंटों वर्कआउट करने की जरूरत नहीं है। अगर आप योग की शुरुआत करना चाहते हैं, तो अगले 30 दिनों का आसान योग चैलेंज अपनाकर धीरे-धीरे नियमित अभ्यास की आदत बना सकते हैं।
योग टिप्स: सितंबर खत्म, फिटनेस नहीं! अक्टूबर में करें ये 30 दिन का आसान योग चैलेंज
30-Day Yoga Challenge : फिटनेस के लिए हमेशा बड़े लक्ष्य बनाने की जरूरत नहीं होती। रोजाना कुछ मिनट अपने शरीर और सांस पर ध्यान देना भी एक अच्छी शुरुआत हो सकती है। अक्टूबर के इन 30 दिनों में योग को बोझ नहीं बल्कि रोज की छोटी आदत बनाएं।
30 दिन योग चैलेंज: अक्टूबर में ऐसे बनाएं अपना आसान रूटीन
पहला सप्ताह- आसान स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें
- पहले सप्ताह का लक्ष्य शरीर को योग के लिए तैयार करना रखें।
- सुबह या शाम कुछ मिनट गर्दन, कंधे, हाथ, कमर और पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग से शुरुआत करें।
- इसके बाद कुछ आसान अभ्यास जैसे ताड़ासन, बालासन और सुखासन को अपनी क्षमता के अनुसार शामिल कर सकते हैं।
- रोज 10-12 मिनट अभ्यास का लक्ष्य रखें।
दूसरा सप्ताह- आसान योगासन जोड़ें
दूसरे सप्ताह में रूटीन को थोड़ा आगे बढ़ाएं। भुजंगासन, मार्जरी आसन और अधोमुख श्वानासन जैसे आसनों को प्रशिक्षित योग शिक्षक के मार्गदर्शन या सही तकनीक समझने के बाद शामिल किया जा सकता है।
हर आसन को अपनी क्षमता के अनुसार करें। शरीर को जबरदस्ती किसी मुद्रा में ले जाने की कोशिश न करें। प्रतिदिन 15 मिनट आसनों के अभ्यास को दें।
तीसरा सप्ताह- बैलेंस और फ्लेक्सिबिलिटी पर फोकस
अब रूटीन में वृक्षासन जैसे संतुलन वाले आसान आसन शामिल किए जा सकते हैं। इस सप्ताह का उद्देश्य परफेक्ट पोज बनाना नहीं, बल्कि शरीर के संतुलन और मूवमेंट पर ध्यान देना है।
जरूरत पड़ने पर दीवार या किसी स्थिर सहारे का इस्तेमाल करें। योगाभ्यास की अवधि बढ़ाकर 15-20 मिनट अभ्यास को दें।
चौथा सप्ताह- अपना मिनी योग फ्लो बनाएं
चौथे सप्ताह में पहले सीखे गए आसान आसनों को एक छोटे फ्लो में जोड़ा जा सकता है। उदाहरण के लिए, ताड़ासन से मार्जरी आसन, फिर बालासन से भुजंगासन, उसके बाद वृक्षासन और अंत में शवासन। हर मुद्रा के बीच पर्याप्त समय लें और सांस को सहज रखें। योग अवधि का टारगेट 20 से 25 मिनट प्रतिदिन का रखें।