स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, दुनियाभर में जिस तेजी से कई प्रकार की क्रोनिक बीमारियां बढ़ती जा रही हैं, इससे बचाव के उपाय सभी उम्र के लोगों को करते रहने चाहिए। कुछ दशकों पहले तक जो बीमारियां सामान्यतौर पर उम्र बढ़ने के साथ हुआ करती थीं, अब वही समस्या कम आयु वाले लोगों में भी देखी जा रही हैं। डायबिटीज-हृदय रोग ऐसी ही समस्याएं हैं। इनसे बचाव के लिए आहार को ठीक रखने के साथ विशेषज्ञ नियमित रूप से योगासनों को जीवनशैली में शामिल करने की सलाह देते हैं। योग के अभ्यास की आदत बनाकर आप शरीर और मन, दोनों को स्वस्थ और फिट रख सकते हैं।
Yoga Tips: हर उम्र वालों के लिए ये योगासन हैं सबसे आसान और फायदेमंद, संपूर्ण स्वास्थ्य को मिलता है लाभ
अधोमुख शवासन योग का अभ्यास
अधोमुख शवासन योग हर आयु वाले लोग आसानी से करके लाभ पा सकते हैं। यह शरीर में रक्त के संचरण को ठीक रखने वाला अभ्यास है जो हर उम्र में फिटनेस के लिए अत्यंत आवश्यक है। यह योगासन आपके पूरे शरीर को ताकत देता है और उसकी स्ट्रेचिंग करने में मदद करता है। कमर दर्द से राहत दिलाने से लेकर सिरदर्द, थकान और अनिद्रा जैसी समस्याओं को दूर करने में भी इस योग के लाभ हो सकते हैं।
प्राणायाम का अभ्यास जरूरी
सभी आयु के लोगों के लिए नियमित रूप से प्राणायाम का अभ्यास करना आवश्यक माना जाता है, यह दिमाग को शांत करने का सबसे कारगर तरीका है। प्राणायाम, श्वास के माध्यम से ऑक्सीजन का बढ़ावा देकर कार्बन डाइऑक्साइड के स्तर को कम करता है। प्राणायाम आसनों से मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र को भी लाभ होता है। फेफड़ों को मजबूत करने और नींद की गुणवत्ता में सुधार करने में भी प्राणयाम से लाभ मिलता है।
भुजंगासन का करें अभ्यास
सभी आयु वाले लोगों में पीठ और रीढ़ से संबंधित समस्याएं बढ़ती हुई देखी जा रही है, इस तरह की दिकक्तों से बचे रहने के लिए भुजंगासन का अभ्यास करना आपको लाभ दे सकता है। यह अभ्यास छाती और फेफड़ों, कंधों और पेट को फैलाता है। तनाव और थकान को दूर करने में भी इससे मदद मिलता है। इस योग के शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की सेहत से संबंधित लाभ देखे गए हैं। इसे दिनचर्या में जरूर शामिल करें।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।