कोलेस्ट्रॉल को वैश्विक स्तर पर बढ़ते हृदय रोगों के प्रमुख कारक के रूप में देखा जाता रहा है। शरीर में कोलेस्ट्रॉल का बढ़ना हृदय रोगों और गंभीर स्थितियों में हार्ट अटैक की समस्या का प्रमुख कारण हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बढ़ते कोलेस्ट्रॉल के खतरे को लेकर सभी लोगों को अलर्ट रहने और खान-पान को स्वस्थ रखने पर ध्यान देते रहने की सलाह देते हैं। आहार में सुधार करने के साथ यदि दिनचर्या में योगासनों को शामिल कर लिया जाए तो क्या कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित किया जा सकता है? हृदय रोगों से बचाने में योगासनों की कितनी महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है?
Yoga Tips: क्या योगासनों की मदद से कम हो सकता है कोलेस्ट्रॉल? जानिए कौन से आसान हैं लाभदायक?
योग और कोलेस्ट्रॉल के स्तर में कमी
कुछ नैदानिक अध्ययनों में लिपिड (रक्त वसा) स्तर पर योग के अभ्यास की प्रभावशीलता के बारे में पता चलता है। अध्ययन में पाया गया कि जिन प्रतिभागियों ने नियमित रूप से योगासनों का अभ्यास किया उनमें कोलेस्ट्रॉल का स्तर अन्य लोगों की तुलना में 30% तक कम पाया गया।
एलडीएल या बैड कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने में भी दैनिक रूप से योगाभ्यास की आदत को लाभदायक बताया गया है। बैड कोलेस्ट्रॉल, बढ़ते हृदय रोगों का प्रमुख कारण माना जाता है। आइए जानते हैं कि किन योगासनों को इसमें सबसे फायदेमंद पाया गया है?
बालासन योग
चाइल्ड पोज या बालासन योग को शरीर को आराम देने वाले अभ्यासों में से एक माना जाता है। यह आसन आपकी मांसपेशियों, नसों, रीढ़, मस्तिष्क और पेट के अंगों को आराम दिलाने में काफी सहायक हो सकती है। कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करते हुए हृदय रोगों के खतरे को कम करने में भी बालासन योग के नियमित अभ्यास को फायदेमंद माना जाता है। सभी उम्र के लोगों के लिए इस आसान का अभ्यास लाभकारी हो सकता है।
विपरीत करणी मुद्रा
विपरीत करणी मुद्रा या लेग्स अप द वॉल योग, हृदय में रक्त के प्रवाह को व्यवस्थित रखने और कई प्रकार के रोगों के जोखिम को कम करने में मदद करती है। इस योग का अभ्यास करने से चिंता को कम करने, रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है। विपरीत करणी योग मुद्रा का नियमित अभ्यास करना पैरों से लेकर हृदय की सेहत को बेहतर बनाए रखने में काफी मददगार है।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।