क्या आपको भी लंबे समय तक कंप्यूटर या स्मार्टफोन के इस्तेमाल के बाद आंखों में दर्द और जलन जैसा अनुभव होता है? यदि हां, तो आप अकेले नहीं हैं। पिछले कुछ वर्षों में लोगों का ज्यादा से ज्यादा समय तमाम तरह के गैजेट्स के इस्तेमाल पर बीतता जा रहा है। वहीं कोरोना के इस दौर में लॉकडाउन और वर्क फ्रॉम होम ने लोगों का स्क्रीन टाइम पहले से और अधिक बढ़ा दिया है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसे आंखों की सेहत के लिए बहुत ही नुकसानदायक मानते हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक बढ़े हुए स्क्रीन टाइम का हर एक घंटा हमारी आंखों की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव डालता है। यही कारण है कि कम उम्र में ही लोग धुंधली दृष्टि, आंखों में खुजली, पानी आने और सिरदर्द जैसे समस्याओं के शिकार होते जा रहे हैं।
आज का योग: आंखों के दर्द और थकान से मिलेगी राहत, इन तीन अभ्यास को दिनचर्या में जरूर करें शामिल
चक्रासन का अभ्यास
आंखों को स्वस्थ बनाए रखने और रोशनी बढ़ाने के लिए चक्रासन योग का नियमित अभ्यास करना काफी फायदेमंद हो सकता है। यह आंखों से संबधित तमाम प्रकार की समस्याओं को कम करने के साथ मस्तिष्क को स्वस्थ बनाए रखने के लिए भी बेहतर योगाभ्यास हो सकता है।
पलकों का झपकाना
आंखों को स्वस्थ बनाए रखने के लिए समय समय पर पलकों को झपकाते रहना काफी फायदेमंद हो सकता है। यह योगाभ्यास आपकी ऑप्टिक नसों को मजबूत करने और ड्राई आइज की समस्या को कम करने में काफी फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए जितनी जल्दी हो सके, लगभग 10 बार पलकों को झपकाएं। अपनी आँखें बंद करें और लगभग 20 सेकंड के लिए गहरी साँसें लें और छोड़ें।
चारों तरफ देखना
यह अभ्यास आपकी आंखों की मांसपेशियों को फैलाने में मदद करने के साथ उन्हें आराम देता है। खासकर लंबे समय तक काम करते रहने के बाद चारों तरफ देखने का यह अभ्यास आंखों के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। यह सभी अभ्यास आप कभी भी किसी काम को करते समय भी कर सकते हैं।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।