शरीर के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए स्वस्थ आहार के साथ नियमित योग-व्यायाम पर जोर दिया जाता रहा है। योगासन, शारीरिक-मानसिक दोनों ही प्रकार की सेहत को बेहतर बनाए रखने के साथ समग्र स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में आपकी मदद कर सकते हैं। वज्रासन, एक ऐसा ही योग है जिसे विशेषज्ञ कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं में काफी फायदेमंद अभ्यास के तौर पर देखते हैं। वज्रासन मुद्रा साधारण तरीके से बैठने का एक अभ्यास है। इसका नाम संस्कृत शब्द वज्र से आया है, जिसका अर्थ है हीरा। इस मुद्रा के लिए, आप घुटने टेककर बैठते हैं। श्वास और ध्यान के लिए इसे काफी बेहतर अभ्यास माना जाता है।
आज का योग: इन स्वास्थ्य समस्याओं में कारगर है वज्रासन योग, जानिए इसे करने का तरीका और लाभ
वज्रासन योग का अभ्यास कैसे किया जाता है?
योगासनों से अधिकतम लाभ प्राप्त करने के लिए इसका सही ढंग से अभ्यास किया जाना आवश्यक माना जाता है। आसन की सही जानकारी के लिए किसी विशेषज्ञ की सहायता लें। वज्रासन योग करने के लिए घुटनों को पीछे की ओर मोड़ लें और अपने हिप को एड़ी पर रखें, दोनों पैर एक दूसरे अलग रखें। इस स्थिति में आपका सिर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी एक सीधी रेखा में होनी चाहिए। अपनी हथेलियों को अपने जांघों पर रखकर गहरी सांस लें और छोड़ें।
वज्रासन योग करने के क्या लाभ हैं?
योग विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर और मस्तिष्क दोनों की ही सेहत को बेहतर बनाए रखने में वज्रासन योग के अभ्यास को काफी लाभदायक पाया गया है। यह आपके लिए कई प्रकार से फायदेमंद अभ्यास हो सकता है।
- दिमाग को शांत और स्थिर रखने में मदद करता है।
- पाचन को बढ़ावा देकर अम्लता और गैस को कम करता है।
- घुटने के दर्द को दूर करने में मदद करता है।
- जांघ की मांसपेशियों को मजबूती मिलती है।
- पीठ दर्द की समस्या को दूर करने में काफी फायदेमंद अभ्यास है।
- यौन अंगों को मजबूत बनाने और मूत्र संबंधी समस्याओं के उपचार में मदद करता है।
ऐसे लोगों को नहीं करना चाहिए यह अभ्यास
योग विशेषज्ञ कुछ स्थितियों में वज्रासन के अभ्यास को न करने की सलाह देते हैं।
- यदि आपको घुटने की समस्या है या हाल ही में घुटने की सर्जरी हुई है।
- रीढ़ की हड्डी से संबंधित समस्या, विशेष रूप से निचले कशेरुकाओं में परेशानी की स्थिति।
- आंतों के अल्सर, हर्निया, पेट की अन्य गंभीर समस्या वाले लोगों को इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।