क्या आपको भी अक्सर छोटी-छोटी बातें भूल जाती हैं? लोगों के चेहरे तो याद रहते हैं पर उनका नाम याद कर पाने में कठिनाई होती है या फिर सामान्यतौर पर जो आप पढ़ते हैं वह कुछ ही देर बाद भूल जाता है। अगर आपको इस तरह की समस्या है तो इसको लेकर आपको अलर्ट हो जाने की आवश्यकता है। सामान्यतौर पर उम्र बढ़ने के साथ लोगों को अल्जाइमर नामक बीमारी के कारण भूलने की समस्या हो सकती है, पर याददाश्त की कमजोरी की दिक्कत किसी भी उम्र में हो सकती है। विशेषकर पढ़ाई करने वाले बच्चों को इस समस्या की सामना करना पड़ता है जिसमें वह रात में तो लेशन याद करते हैं, पर सुबह सबकुछ भूल जाता है।
आज का योग: क्या आप भी अक्सर छोटी-छोटी चीजें भूल जाते हैं? याददाश्त बढ़ाने में मददगार हैं ये तीन योगासन
मत्सयासन योग है फायदेमंद
चीजों को अक्सर भूल जाने की समस्या से परेशान लोगों के लिए रोजाना मत्सयासन योग का अभ्यास करना फायदेमंद हो सकता है। यह योगासन गर्दन और कंधों से तनाव को दूर करने में मदद करने के साथ दिमाग को शांति देने और चीजों को बेहतर तरीके से दिमाग में संग्रहित करने में मदद कर सकते हैं। यह योग मस्तिष्क में रक्त के संचार को भी बढ़ावा देते हैं जिससे तंत्रिका तंत्र को आराम मिलता है। श्वसन विकारों से राहत दिलाने में भी इस योग को फायदेमंद माना जाता है।
प्राणायाम का अभ्यास
मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए प्राणायाम योगासनों का अभ्यास करना सबसे बेहतर विकल्प माना जाता है। यह मस्तिष्क की तंत्रिकाओं को आराम दिलाने के साथ कार्यों को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है। प्राणायाम का अभ्यास शरीर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है, साथ ही तनाव-चिंता और अवसाद जैसे विकार के लक्षणों को कम करने में भी फायदेमंद है। याददाश्त को बेहतर बनाने के लिए रोजाना इस आसन का अभ्यास करना फायदेमंद हो सकता है।
सर्वांगासन योग से मिलेगा लाभ
सर्वांगासन को सभी आसनों की जननी भी कहा जाता है। यह आसन फोकस और एकाग्रता में सुधार करने में मदद करता है। मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं में सुधार करते हुए मस्तिष्क के कार्यों को सहज करने में इस योग का अभ्यास आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। यह योग आपके दिमाग को पोषण देता है और उसे स्वस्थ रखने में मदद करता है। किसी विशेषज्ञ की निगरानी में ही इस योग की शुरुआत करें।
-------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।