कोरोना के इस दौर में हम सभी लोग लगातार शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के प्रयास कर रहे हैं। षौष्टिक आहार से लेकर विटामिन्स के सेवन तक, शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए कई तरह के उपायों को प्रयोग में लाया जाता रहा है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक इम्युनिटी को बढ़ावा देना एक सतत प्रक्रिया है, जिसमें कि आपको लगातार प्रयास करते रहने की आवश्यकता है। इसके लिए योग का नियमित रूप से अभ्यास करना आपके लिए बेहतर विकल्प हो सकता है। योग के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को तो लाभ मिलता ही है, साथ ही यह शरीर की प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ावा देने में भी मददगार हो सकता है।
आज का योग: इन योगासनों के नियमित अभ्यास से बढ़ती है प्रतिरोधक क्षमता, तमाम तरह के संक्रमण और बीमारियों का कम होता है खतरा
प्राणायाम का करें अभ्यास
प्राणायाम को सबसे फायदेमंद योगासनों में एक माना जाता है। इसका नियमित रूप से अभ्यास न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी विशेष लाभदायक हो सकता है। विशेषज्ञों के मुताबिक शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने के साथ इसमें रुकावट बनने वाले कई कारकों को कम करने में प्राणायाम का अभ्यास करना बेहद फायदेमंद हो सकता है। दिनचर्या में प्राणायाम को शामिल करके प्रतिरक्षा बढ़ाने के साथ कई तरह के संक्रमण की जटिलताओं का कम कर सकते हैं।
बालासन या चाइल्ड पोज
पीठ के निचले हिस्से से तनाव को कम करने के साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में बालासन योग का अभ्यास करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। इस योग के नियमित अभ्यास से तनाव और थकान कम होता है साथ ही यह मूड को भी सही रखने में मदद करता है। दिमाग को शांत रखने के साथ रक्त के परिसंचरण को सुधारने में भी इस योग के अभ्यास को फायदेमंद माना जाता है।
धनुरासन योग
धनुरासन योग का अभ्यास शरीर में रक्त के प्रवाह में सुधार करता है जिससे प्रतिरक्षा को बढ़ावा देने में मदद मिलती है। यह व्यायाम पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखने में सहायक है जिससे भोजन को आसानी से पचाने में मदद मिलती है और पेट की समस्याएं दूर होती है। कमर से लेकर छाती तक की तमाम समस्याओं को दूर करने में भी धनुरासन योग का नियमित रूप से अभ्यास करना आपके लिए लाभदायक हो सकता है।
--------------------------
नोट: यह लेख योगगुरु के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी विशेषज्ञ से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।