जीवनशैली में गड़बड़ी, घंटों एक ही जगह पर बैठकर काम करते रहने की आदत और शारीरिक निष्क्रियता के चलते लोगों में कमर और पीठ के दर्द की समस्या बढ़ती जा रही है। लगातार बने रहने वाले दर्द के कारण दैनिक जीवन की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। यही कारण है कि सभी लोगों को जीवनशैली को स्वस्थ बनाए रखने के उपाय करते रहने चाहिए। कमर और पीठ के दर्द के साथ शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए दिनचर्या में योग को शामिल करना सबसे बेहतर विकल्प हो सकता है। योग, मांसपेशियों को शिथिल होने से बचाने के साथ शरीर में ऊर्जा के संचार को बढ़ावा देता है।
आज का योग: कमर के दर्द से रहते हैं परेशान तो इन योगासनों से पा सकते हैं लाभ
कैट काऊ पोज योग
योग विशेषज्ञों के मुताबिक कैट काऊ पोज योग का नियमित अभ्यास करना सेहत के लिए विशेष लाभदायक हो सकता है। यह रीढ़ की हड्डी की समस्याओं को कम करने में बहुत मददगार योगासनों में से एक है। इस योग का अभ्यास करने से आपके धड़, कंधे और गर्दन में भी खिंचाव आता है, साथ ही कमर दर्द की समस्या को भी इससे दूर किया जा सकता है।
कोबरा पोज है विशेष लाभदायक
पेट, छाती और कंधों को फैलाने के साथ मांसपेशियों की सक्रियता को बढ़ाने के लिए कोबरा पोज योग का अभ्यास करना विशेष लाभदायक है। इस मुद्रा का अभ्यास करने से आपकी रीढ़ की हड्डी मजबूत होती है, साथ ही कमर में होने वाले दर्द से निजात पाया जा सकता है। यह तनाव और थकान को दूर करने में भी मदद कर सकता है जो आमतौर पर पीठ दर्द के साथ हो सकता है।
जिन लोगों को अक्सर पीठ और कमर में दर्द की समस्या रहती है, उनके लिए सेतुबंधासन योग का अभ्यास करना विशेष लाभदायक हो सकता है। यह रीढ़ को फैलाता है और पीठ दर्द और सिरदर्द से राहत दिला सकता है। रेक्टस, ग्लूटस की मांसपेशियां और हैमस्ट्रिंग के लिए भी इस योगासन के अभ्यास को विशेष लाभदायक माना जाता है।
------------------
नोट: यह लेख योग विशेषज्ञों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। आसन की सही स्थिति के बारे में जानने के लिए किसी योगगुरु से संपर्क कर सकते हैं।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।