World Heart Day 2023 : कम उम्र के लोगों में भी हृदय रोग का खतरा बढ़ रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 30 से कम आयु के लोगों में हृदय रोग संबंधित गंभीर समस्याएं होने लगती हैं, जो कि जानलेवा हो सकती हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विशेषज्ञ हृदय रोगों के जोखिम से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।
World Heart Day 2023: आज मनाया जा रहा है विश्व हृदय दिवस? जानें इतिहास, महत्व और इस वर्ष की थीम
कब मनाते हैं विश्व हृदय दिवस 2023
दुनियाभर में हर साल विश्व हृदय दिवस 29 सितंबर को मनाया जाता है। यह दिन हृदय की सेहत पर समर्पित है। हृदय रोगों के जोखिम को कम करने और दिल की बीमारियों से बचने व इलाज के लिए लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विश्व हृदय दिवस के मौके पर कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है।
विश्व हृदय दिवस का इतिहास
दुनिया में पहली बार विश्व हृदय दिवस 24 सितंबर 2000 को मनाया गया था। विश्व स्वास्थ्य महासंघ के पूर्व अध्यक्ष एंटोनी बार्ड डी लूना को विश्व हृदय दिवस मनाने का विचार आया। इस विचार पर उन्होंने एक रिपोर्ट पेश की, जिसे अपना लिया गया और वर्ष 2000 में हृदय दिवस मनाया गया। बाद में 2012 से 2025 तक 25 फीसदी वैश्विक मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से 29 सितंबर को विश्व हृदय दिवस मनाने का फैसला लिया गया।
विश्व हृदय दिवस 2023 की थीम
प्रतिवर्ष हृदय दिवस की एक खास थीम होती है, जिसके मुताबिक इस दिन को मनाते हैं। इस वर्ष विश्व हृदय दिवस 2023 की थीम 'यूज हार्ट, नो हार्ट (Use Heart, Know Heart) यानी हृदय का उपयोग करें और हृदय को जानें।
क्यों मनाते हैं हृदय दिवस
हृदय घात या दिल से जुड़े अन्य रोगों के मामलों की बढ़ती संख्या के कारण लोग हृदय संबंधी मुद्दों से प्रभावित हो रहे हैं। इसका एक मुख्य कारक अस्वस्थ और गतिहीन जीवनशैली और गलत खानपान भी है। लोगों को हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें स्वास्थ्य के प्रति सचेत करने के लिए विश्व हृदय दिवस मनाते हैं।