Diwali 2020:दिवाली के दिनों में महिलाएं इस तरह करें समय प्रबंधन, जल्दी हो जाएंगे काम
सुबह जल्दी उठने का सबसे बड़ा फ़ायदा यह है कि आपका दिन स्वत: ही बड़ा हो जाता है। कहते भी हैं कि हमें ब्रह्म मुहूर्त में उठना चाहिए। और त्योहार वाले दिन यूं भी इतने प्रकार के काम होते हैं कि सारा दिन कहां बीत जाता है पता ही नहीं चलता, ऐसे में दिन बड़ा हो जाए तो सारे काम समय पर बिना भागदौड़ किये हो जाते हैं। ऐसा करने से दिन के अंत तक सारे काम आसानी से हो जाते हैं ।
एक लिस्ट बना लें
जल्दी उठने के बाद सबसे पहला काम यही करें कि दिनभर की योजना तैयार कर लें। क्योंकि बिना योजना के कोई भी कार्य साधना सम्भव नहीं है। आवश्यक कार्याें की एक टु डू लिस्ट तैयार कर लें और साथ ही उसे करने का एक समय भी निर्धारित कर लें ताकि आपके प्रत्येक क्षण का सदुपयोग हो पाए।
काम बांटें
जो काम घर के दूसरे सदस्य थोड़े मार्गदर्शन के साथ कर सकते हैं वे कार्य उनमें बांट दें। जैसे बाज़ार से कुछ सामान लाना, हार-फूल आदि तैयार करना, सजावट करना और पूजा की समस्त तैयारी घर के अन्य सदस्य कर देंगे तो आपके पास अन्य महत्त्वपूर्ण कार्यों के लिए अधिक समय निकल आएगा।
प्राथमिकताएं तय करें
जितना काम सोचा जाए उतना एक ही बार में एक ही दिन कर पाना अक्सर सम्भव नहीं हो पाता है। इसलिए बेहतर यह है कि महत्त्वपूर्ण कार्यों को सबसे ऊपर लिखें। फिर उसी अनुसार अपने कार्य तय करें। मिठाई तैयार करने में समय लगता है इसलिए इसे पहले से कर लें, बाज़ार से कुछ मंगवाना या लाना है तो उसे सुबह के समय जल्दी ले आएं और सजावट आदि का कार्य आप परिवार के सदस्यों की मदद से शाम को भी कर सकते हैं।