शरीर को ठीक तरीके से काम करते रहने के लिए पौष्टिक आहार का सेवन जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है नियमित रूप से खूब पानी पीते रहना। गर्मी के दिनों में हमें खूब प्यास लगती है और हम पर्याप्त मात्रा में पानी भी पाते रहते हैं पर क्या आप सर्दियों में शरीर के हाइड्रेशन का ध्यान रख रहे हैं?
अलर्ट: सर्दियों में कम लगती है प्यास, तो क्या इस मौसम में भी हो सकता है डिहाइड्रेशन? इन लक्षणों पर दें ध्यान
सर्दियों में प्यास कम लगने, पानी कम पीने से डिहाइड्रेशन हो सकता है। मुंह सूखना, पेशाब का रंग गहरा होना, सिरदर्द-कमजोरी और चक्कर आना इसका संकेत हैं। सर्दियों में भी नियमित रूप से पानी, सूप और तरल पदार्थ लेते रहें।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी हो या सर्दी शरीर की प्रक्रियाएं हर मौसम में एक ही रहती हैं। पेशाब और त्वचा के जरिए शरीर से पानी निकलता रहता है, जिसकी पूर्ति के लिए हमें पानी पीते रहने की जरूरत होती है। शरीर में पानी की कमी होने से सिरदर्द, थकान, चक्कर, कब्ज और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। गंभीर स्थिति में किडनी और ब्लड प्रेशर पर भी असर पड़ सकता है।
गर्मियों में डिहाइड्रेशन के कारण होने वाली दिक्कतें ज्यादा होती है, वहीं सर्दियों में मौसम के कारण इसके दुष्प्रभाव कम दिखाई देते हैं। हालांकि सर्दियों में भी शरीर में पानी की कमी होने का खतरा रहता है।
सर्दियों में डिहाइड्रेशन क्यों होता है?
- ठंडी और शुष्क हवा में सांस लेने के दौरान शरीर से नमी बाहर निकलती है।
- इसके अलावा, ठंड में कुछ लोगों को बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है।
- बुखार, उल्टी-दस्त, ज्यादा चाय-कॉफ पीना और एक्सरसाइज के दौरान पसीना निकलना भी डिहाइड्रेशन की वजह बन सकते हैं।
कहीं आप भी तो नहीं हो गए हैं डिहाइड्रेशन का शिकार?
शरीर में पानी की कमी के कारण कई तरह की दिक्कतें हो सकती हैं। सर्दियों में इसके लक्षण कम देखे जाते हैं पर कुछ स्थितियों में डिहाइड्रेशन के कारण आपकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
- मुंह और गला बार-बार सूखना शरीर में पानी की कमी का संकेत है।
- पेशाब का रंग गहरा पीला होना या पेशाब कम होना।
- पानी की कमी के कारण सिरदर्द, थकान और कमजोरी महसूस हो सकती है।
- खड़े होने पर चक्कर आना और ध्यान केंद्रित करने में परेशानी
- पानी की कमी के कारण कब्ज की दिक्कत भी बढ़ जाती है।
सर्दियों में डिहाइड्रेशन से कैसे बचें?
सर्दियों में भी डिहाइड्रेशन का खतरा रहता है, ऐसे में शरीर में पानी की कमी को दूर करने के लिए ठंड में प्यास न लगने पर भी नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। बहुत ठंडा पानी पीने की जगह हल्का गुनगुना पानी ले सकते हैं। पानी के अलावा सूप, दूध और पानी से भरपूर फल-सब्जियां भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती हैं।
- पेशाब के रंग पर ध्यान दें, हल्का पीला रंग सामान्य हाइड्रेशन का संकेत होता है। अगर पेशाब का रंग गाढ़ा दिख रहा हो तो ये पानी की कमी की ओर संकेत हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
