क्या आपने किसी ऐसी जमीन के बारे में सुना है जो पैर रखने पर बिल्कुल नर्म, मुलायम गद्दे सा एहसास देती हो। सुन कर चौंक गए न। तो आज हम आपको ऐसी ही खूबसूरत जगह के बारे में बताने जा रहे हैं जहां पर प्रकृति के कुछ ऐसे अद्भुत कारनामें हैं जिने सुनकर आप आश्चर्य में पड़ जाएंगे। तो आइए जानते हैं प्रकृति का ये अनोखा रूप कहां देखने को मिलेगा।
छत्तीसगढ़ के मैनपाट में बसा है एक और शिमला, खड़े होने पर उछलती दिखती है जमीन
छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मैनपाट जगह है जिसे छत्तीसगढ़ का शिमला भी कहा जाता है। यहां पर बहुत ही खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं। इन नजारो में स्पंजी सी मुलायम जमीन के साथ ही उल्टा बहता पानी भी शामिल है।
जलजली
इस जगह पर खड़े होने पर पहली बार में ऐसा लगता है जैसे भूकंप आ गया हो। लेकिन ये भूकंप नहीं है, यहां पर तीन-चार एकड़ में फैली जमीन में खड़े होने पर ऐसा लगता है जैसे कोई गद्दा या स्पंज हो। सैलानी इस हिलती हुई जमीन का आनंद उठाने के लिए जोर-जोर से कूदने लगते हैं। इस अद्भुत जमीन के बारे में विशेषज्ञ भी हैरान रहते हैं। उनका कहना है कि यह लिक्विफैक्शन नामक एक स्थिति है जिसमें पृथ्वी के आंतरिक दबाव और खाली जगह में ठोस की जगह पर पानी भरा हुआ है जिसकी वजह से यह जगह दलदली और स्पंजी लगती है।
मैनपाट में केवल एक ही नहीं और भी अद्भुत नजारे हैं जिनमें एक जगह है उल्टा पानी। यहां पर ऐसा लगता है जैसे पानी का बहाव नीचे की तरफ न होकर ऊपर की ओर जा रहा है। मैनपाट में ही एक जगह है जिसे टाइगर प्वाइंट कहते हैं, यहां पर झरने से नीचे गिरते पानी की आवाज ऐसी लगती है जैसे शेर गरज रहा हो।।
मैनपाट सैलानियों के लिए बहुत ही बढ़िया आफबीट डेस्टिनेशन हैं। जो लोग किसी नई जगह की तलाश में हर वक्त होते हैं उनके लिए किसी जन्नत से कम नहीं है। इस जगह को छत्तीसगढ़ का शिमला भी कहा जाता है। यहां पर ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और उनके बीच घुमड़ते बादल बहुत ही सुंदर लगते हैं।