राष्ट्रीय पर्यटन दिवस 2024: भारत विविधताओं का देश है। 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों वाले इस देश में भौगोलिक आधार पर अलग-अलग तरह के खूबसूरत दृश्य देखने को मिलते हैं। बर्फीले पहाड़ों से रेतीले मैदानों, जंगलों से झीलों व झरनों तक और पूरे देश में बहती नदियों से समुद्री लहरों की कलकल तक हर प्राकृतिक दृश्य भारत में देखने को मिल जाता है। यहां प्राचीन और अद्भुत मंदिर हैं तो वहीं ऐतिहासिक और भव्य मस्जिद भी हैं, पुर्तगाली और रोमन शैली से निर्मित चर्च हैं तो वहीं विशाल गुरुद्वारे भी हैं। धार्मिक स्थलों के लिहाज से तो भारत समृद्ध है ही, साथ ही यहां ऐतिहासिक और राजनीतिक स्थल भी हैं।
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस 2024: कश्मीर से कन्याकुमारी तक, ये पर्यटन स्थल हैं सबसे ज्यादा लोकप्रिय
जयपुर और उदयपुर
पूरे देश में सबसे अधिक पर्यटक जयपुर और उदयपुर जाना पसंद करते हैं। भारतीय पारंपरिक राजशाही ठाठ-बाट का आनंद लेने के लिए ये दोनों शहर यात्रियों को आकर्षित करते हैं। इसके अलावा जयपुर में जल महल, हवा महल और उदयपुर में सिटी पैलेस, लेक पैलेस घूमने लाखों लोग पहुंचते हैं।
वाराणसी
भारत में सबसे अधिक पर्यटक तीर्थ स्थलों पर देखे जा सकते हैं। सालभर धार्मिक स्थलों पर काफी भीड़ रहती है। वाराणसी भी पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय है। देश के सबसे पुराने शहरों में से एक वाराणसी गंगा किनारे बसी है। जहां दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती, काशी विश्वनाथ मंदिर, संकट मोचन हनुमान मंदिर ,रामनगर किला, सारनाथ, मणिकर्णिका घाट पर्यटकों को अपनी ओर खींचते हैं।
कश्मीर
वैसे भारतीय पर्यटकों के बीच कश्मीर भी काफी लोकप्रिय है। पूरे भारत से लोग कश्मीर की सर्द वादियों के बीच छुट्टी मनाने आते हैं। डल झील में नाव की सैर, गुलमर्ग, नागिन झील, श्रीनगर, परी महल, शंकराचार्य श्राइन और पहलगाम मुख्य आकर्षण हैं।
कन्याकुमारी
कन्याकुमारी को हिंद महासागर, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी का संगम खास बनाता है। पर्यटक यहां खास तौर पर क्षितिज का आनंद लेने और सूर्यास्त का दृश्य देखने आते हैं। कन्याकुमारी में स्थित विवेकानंद राॅक मेमोरियल, तिरुवल्लुवर स्टेचू, भगवती अम्मन मंदिर, कन्याकुमारी बीच, पद्मनाभपुरम पैलेस और थिरुपर्रापू झरना आदि घूमने के लिए जाया जा सकता है