Rainy Season Mountain Travel: मानसून में पहाड़ों की खूबसूरती देखते ही बनती है। हरियाली, बादलों से ढकी चोटियां, झरने और बारिश से धुले रास्ते लोगों को पहाड़ों की ट्रिप के लिए आकर्षित करते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में पहाड़ों का सफर जितना रोमांचक होता है, उतना ही चुनौतीपूर्ण भी हो सकता है। अचानक मौसम बदलना, भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क पर मलबा, जलभराव और ट्रैफिक जाम यात्रा को मुश्किल बना सकते हैं।
अगर आप इस मानसून पहाड़ घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सिर्फ होटल और खूबसूरत लोकेशन बुक करना पर्याप्त नहीं है। यात्रा शुरू करने से पहले मौसम का पूर्वानुमान, स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी और रास्तों की मौजूदा स्थिति जरूर जांचें। खासकर पहाड़ी इलाकों में जाने से पहले यह देखना जरूरी है कि आपके रूट पर किसी तरह की सड़क बंद न हो या लैंडस्लाइड की समस्या तो नहीं है।
इसके अलावा वाहन की स्थिति, जरूरी दवाइयां, गर्म कपड़े, पावर बैंक, छाता या रेनकोट और पर्याप्त खाने-पीने का सामान साथ रखना समझदारी है। बारिश में पहाड़ी सड़कों पर ड्राइविंग करते समय जल्दबाजी से बचें और स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार ही आगे बढ़ें। थोड़ी सी सावधानी आपकी मानसून ट्रिप को सुरक्षित और यादगार बना सकती है।
1. निकलने से पहले मौसम जरूर चेक करें
पहाड़ों में मौसम तेजी से बदल सकता है। इसलिए यात्रा से पहले मौसम का पूर्वानुमान और स्थानीय प्रशासन की चेतावनी जरूर देखें। अगर भारी बारिश या खराब मौसम का अलर्ट हो, तो यात्रा को टालना बेहतर विकल्प हो सकता है।
2. रास्ते और सड़क की स्थिति जानें
मानसून में पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन, पत्थर गिरने और सड़क पर मलबा आने की घटनाएं हो सकती हैं। जिस Route से जाना है, उसकी ताजा स्थिति जांचें। अगर किसी सड़क पर आवाजाही प्रतिबंधित है, तो वैकल्पिक रास्ते की जानकारी पहले से रखें।
3. वाहन की जांच जरूरी
अगर आप कार या बाइक से जा रहे हैं तो ब्रेक, टायर, वाइपर, हेडलाइट और जरूरी उपकरणों की जांच कर लें। बारिश में फिसलन वाली सड़कों पर तेज गति से वाहन चलाने से बचें।
4. जरूरी सामान साथ रखें
रेनकोट, वाटरप्रूफ जूते, पावन बैंक, टाॅर्च, जरूरी दवाइयां, गर्म कपड़े और कुछ सूखा भोजन साथ रखना उपयोगी हो सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में नेटवर्क या बिजली की समस्या होने पर ये चीजें काफी काम आती हैं।
5. खूबसूरत दृश्यों के लिए जोखिम न लें
बारिश में पहाड़ों के शानदार नजारे आकर्षित करते हैं, लेकिन सेल्फी या फोटो के लिए जोखिम भरे किनारों, नदी के तेज बहाव या बंद रास्तों के पास न जाएं। स्थानीय लोगों और प्रशासन की सलाह को प्राथमिकता दें।
कब यात्रा रोक देना बेहतर है?
अगर बारिश लगातार तेज हो रही हो, रास्ते पर भूस्खलन हो चुका हो या प्रशासन ने किसी इलाके में जाने से मना किया हो, तो आगे बढ़ने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रुकना बेहतर है। याद रखें, पहाड़ों की खूबसूरती दोबारा देखी जा सकती है, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।