चावल, हमारे आहार का मुख्य हिस्सा रहा है। चूंकि चावल में कार्बोहाइड्रेट की अधिकता होती है, यही कारण है कि डायबिटीज और अधिक वजन वाले लोगों को स्वास्थ्य विशेषज्ञ इसका कम मात्रा में सेवन करने की सलाह देते हैं। हालांकि अध्ययनकर्ताओं ने पाया है कि चावल के कुछ प्रकार, सेहत के लिए विशेष लाभकारी हो सकते हैं, ब्राउन राइस उनमें से एक है। सफेद चावल की तुलना में ब्राउन राइस को स्वास्थ्य विशेषज्ञ अधिक लाभप्रद मान रहे हैं।
सेहत की बात: चावल खाते हैं तो बड़े काम की है ये खबर, शुगर भी रहेगा कंट्रोल और ग्लूटेन की भी टेंशन नहीं
ब्राउन राइस में सफेद चावल की तुलना में फाइबर, विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट अधिक पाए जाते हैं। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स अपेक्षाकृत कम होता है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन ब्लड शुगर, वजन और हृदय स्वास्थ्य के लिए बेहतर विकल्प हो सकता है।
ब्राउन राइस में प्लांट बेस्ड कंपाउंड्स
ब्राउन राइस में कई प्रकार के प्लांट बेस्ड कंपाउंड्स होते हैं, जिन्हें अध्ययनों में कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ से जोड़ा गया है।
- इसमें न सिर्फ एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा होती है साथ ही इसके सेवन से शरीर को आवश्यक पोषक तत्व भी प्राप्त होते हैं जो कई प्रकार के रोगों के जोखिम को कम करने में विशेष लाभकारी हो सकते हैं।
- वजन को कंट्रोल करने से लेकर हृदय को स्वस्थ रखने तक के लिए ब्राउन राइस का सेवन करना लाभकारी माना जाता रहा है।
हृदय स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
ब्राउन राइस साबुत अनाज है, जिसका सेवन आपके हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, ब्राउन राइस जैसे साबुत अनाज, ब्लड कोलेस्ट्रॉल के स्तर में सुधार करके हृदय रोग, स्ट्रोक, टाइप-2 डायबिटीज और मोटापे के जोखिम को कम करते हैं। ब्राउन राइस में खनिज, एंटीऑक्सीडेंट, लिग्नन्स और डायट्री फाइबर भी पाया जाता है जो हृदय को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है। कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए भी ब्राउन राइस का सेवन करना आपके लिए फायदेमंद है।
ग्लूटेन फ्री होता है ब्राउन राइस
ग्लूटेन एक प्रकार का प्रोटीन है जो गेहूं, जौ और राई जैसे अनाज में पाया जाता है। कई लोगों को इससे एलर्जी की समस्या होती है। इसमें पेट दर्द, दस्त, सूजन और उल्टी जैसी प्रतिक्रियाओं का अनुभव हो सकता है। ब्राउन राइस का सेवन इसमें लाभकारी माना जाता है, क्योंकि यह ग्लूटेन फ्री होता है। कुछ शोध बताते हैं कि ऑटोइम्यून बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी इस तरह के आहार का सेवन करना लाभकारी हो सकता है।
वजन रहता है कंट्रोल
अधिक रिफाइंड वाले अनाज की जगह ब्राउन राइस का सेवन करने से आपको वजन कम करने में मदद मिल सकती है। एक कप (158 ग्राम) ब्राउन राइस में 3.5 ग्राम फाइबर होता है, जबकि सफेद चावल में इसकी मात्रा 1 ग्राम से भी कम होती है। फाइबर आपको लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है, जिससे अधिक खाने की इच्छा कम होती है। इसके अलावा इसमें मौजूद पोषक तत्व वजन को बढ़ने से रोकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।