भले ही आप कितना भी फ्लाइट का सफर या रोड ट्रिप कर लें लेकिन जो मजा ट्रेन से सफर करने में है, उसका कोई जवाब नहीं। यूं तो हर सफर का अपना महत्त्व होता है। लेकिन ट्रेन का सफर बचपन के गर्मी के दिनों की याद ताजा कर देता है, जब मम्मी के साथ खुशी-खुशी नानी के घर जाया करते थे। हालांकि, कुछ लोग ऐसे भी है जिन्होंने ट्रेन का दिलचस्प सफर कभी तय ही नहीं किया। ऐसे में आज हम आपको ट्रेन के उन सफर के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसका सफर आपको जिंदगी में एक बार जरूर करना चाहिए। विश्वास मानिए ये आपकी जिंदगी का सबसे सुनहरा सफर होगा।
द दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे
पहाड़ी रेल में सबसे पुरानी और विश्व धरोहरों में से एक दार्जिलिंग हिमालयन रेलवे आपको मैदान और पर्वतों की सैर कराएगी। जलपाईगुड़ी मैदानी इलाका है और दार्जिलिंग पहाड़ी इलाका है जहां की चाय पूरे भारत में मशहूर है। इस रेलवे ट्रैक की सबसे खास बात यहां के घुमावदार मोड़ हैं। जिनमें से खास है बतासिया मोड़ जो कंचनजंगा शिखर और जलपाईगुड़ी का मनोरम दृश्य दिखाते हैं।
आईलैंड एक्सप्रेस
आईलैंड एक्सप्रेस एक छोटी सी रेल यात्रा है जो आपको गहरे घने ताड़ के पेड़ और लंबी घास के बीच से ले जाती हुई केरल के ग्रामीण जीवन को करीब से देखने का मौका देती है। इस रेल के रास्ते में कोई द्वीप नहीं आता है, फिर भी इसका नाम आईलैंड एक्सप्रेस है क्योंकि 1970 के मध्य तक यह रेल यात्रा कोच्चि के वेलिंगटन द्वीप मे स्थित कोचीन बंदरगाह टर्मिनस स्टेशन पर समाप्त होती थी।
सी ब्रिज ट्रेन
मंत्रमुग्ध कर देने वाली रोमांच से भरी पांबन-रामेश्वर ब्रिज पर चलने वाली रेल 143 खंभों वाले दो कि.मी. लंबे पुल पर से गुजरती है। इस दो कि.मी. लंबे पुल से धीरे-धीरे गुजरती हुई इस रेल के नीचे मीलों तक फैली मन्नार की खाड़ी आपकी तबीयत खुश कर देगी।
जन्नत वाली ट्रेन
कश्मीर की हसीन वादियों में बर्फ से ढके पहाड़ों और चिनार के पेड़ों के बीच से जब ये ट्रेन गुजरती है तो एेसा लगता है बस सफर वहीं थम जाए। इस यात्रा के दौरान आपके पास अपना कैमरा होना बहुत जरूरी है और सर्दियों में यात्रा करें जब चारों ओर बर्फ ही बर्फ हो।