Mahashivratri 2023 Fasting Rules: 18 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है। महाशिवरात्रि के मौके पर लोग उपवास करते हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था। ऐसे में हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि को पवित्र और आस्था से जुड़ा हुआ दिन मानकर भक्त पूजा पाठ और व्रत के माध्यम से शिव जी को प्रसन्न करते हैं। हिंदू धर्म में उपवास करने का विशेष लाभ होता है, वहीं मेडिकल साइंस में भी व्रत को शरीर के लिए फायदेमंद बताया गया है। तमाम परिणामों से साबित हुआ है कि व्रत करने से सेहत पर अच्छा असर पड़ता है। व्रत करने से शरीर अंदर से साफ होता है और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों को आराम मिलता है। पाचन तंत्र में सुधार होता है। कई तरह की बीमारियों से बचाव होता है। हालांकि महाशिवरात्रि का उपवास करने जा रहे हैं तो कुछ गलतियों से सेहत पर नुकसान भी हो सकता है। ऐसे में जानिए कि व्रत करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
Mahashivratri 2023: महाशिवरात्रि का व्रत करते समय रखें इन बातों का ध्यान, दुष्प्रभाव से बचा सकते हैं सेहत
शरीर को रखें हाइड्रेटेड
उपवास के दौरान लोगों को कमजोरी आ जाती है, इसकी एक वजह शरीर में पानी की कमी हो सकती है। ऐसे में शरीर को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए ताकि उपवास के दौरान शरीर हाइड्रेटेड रहे और भोजन न मिलने पर कमजोरी महसूस न हो। स्वास्थ्य विशेषज्ञ दिनभर में आठ गिलास पानी पीने की सलाह देते हैं।
आहार का रखें ध्यान
व्रत रखते समय शरीर को ऊर्जावान बनाए रखने के लिए खानपान का विशेष ध्यान दें। वैसे तो उपवास में भोजन नहीं किया जाता लेकिन फलाहार कर सकते हैं। फलाहार में ताजे फलों और आसानी से पचने वाली चीजों को शामिल करें। कच्चे और चबाने वाले खाद्य पदार्थ व पैक्ड फूड के सेवन से बचें। अधिक तली भुनी चीजें भी पेट के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं।
अधिक चाय का सेवन नुकसानदायक
अक्सर उपवास करने वाले लोग भूख को नियंत्रित करने और ऊर्जावान रहने के लिए चाय का सेवन करते हैं। व्रत में अधिक चाय पीने से बचें। पेट में अनाज न होने पर बार-बार चाय पीने के कारण गैस व एसिड रिफ्लक्स की परेशानी हो सकती है। सुबह और शाम में दो बार चाय पी सकते हैं लेकिन अधिक सेवन न करें। वहीं चाय के दुष्प्रभावों से बचने के लिए चाय पीने से पहले एक गिलास पानी पी लें।
स्वास्थ्य पर ध्यान
उपवास रखने से पहले अपने शरीर की क्षमता और सेहत को ध्यान में रखें। अगर आप किसी बीमारी से ग्रसित हैं, जैसे डायबिटीज, ह्रदय रोग, लिवर-किडनी की समस्या होने पर बिना डॉक्टर की सलाह लिए व्रत न करें। उपवास में दवाइयों और सही खानपान न होने के कारण रोगी की परेशानी बढ़ सकती है। ज्यादा देर कुछ न खाने से ब्लड शुगर का स्तर बढ़ जाता है।