दिवाली पर घरों में कई तरह की मिठाईयां आती हैं। लेकिन एक मिठाई ऐसी है, जो सबसे ज्यादा आती है। इस मिठाई का नाम सोन पापड़ी है। सोन पापड़ी का ज्यादा आदान-प्रदान इसलिए होता है क्योंकि सूखी मिठाई होने की वजह से इसे कई दिनों तक ताजा रखा जा सकता है। कभी-कभी घर में इस मिठाई की मात्रा इतनी बढ़ जाती है कि समझ में नहीं आता है कि इसे कैसे खत्म किया जाए। अगर आप भी कुछ इसी तरह से परेशान हैं तो आज हम आपको सोन पापड़ी से बनने वाली ऐसी कई डिश के बारे में बताने जा रहे हैं, जिसे बनाकर आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं इन डिश के बारे में विस्तार से...
दिवाली की बची हुई सोनपापड़ी का बेहतरीन इस्तेमाल, ये 5 डिश बढ़ा देंगे इसका जायका
सोन पापड़ी वाली बर्फी
सोन पापड़ी को क्रश करते हुए पाउडर बना लें। इस पाउडर को दूध में मिलाकर गाढ़ा होने तक पकाएं। अगर आप चाहें तो इसमें थोड़ा मावा भी मिला सकते हैं। अब इस मिश्रण को एक ट्रे में सेट होने के लिए आधे घंटे के लिए रख दें। तय समय के बाद आप इसे मनचाहे पीस में काट लें।
सोन पापड़ी की खीर
दिवाली की बची हुई सोन पापड़ी का बेहतरीन इस्तेमाल करने के लिए आप इसका खीर भी बना सकते हैं। इस खीर को बनाने के लिए सोन पापड़ी को क्रश करके दूध में डाल दें और ड्राई फ्रूट्स मिलाकर पका लें। इस प्रकार बेहतरीन खीर बनेगी।
सोन पापड़ी कस्टर्ड
सोन पापड़ी से कस्टर्ड भी बनाया जा सकता है। इसे बनाने के लिए एक कड़ाही में एक लीटर दूध, 200 ग्राम सोन पापड़ी, कुछ फल और थोड़ा सा कस्टर्ड पाउडर डालकर बना सकते हैं। इस मिश्रण में चीनी डालने की जरूरत नहीं है क्योंकि सोन पापड़ी में पहले से ही मीठा होता है।
मीठी कचौड़ी
आपने चटपटी कचौड़ी तो बहुत खाई होगी लेकिन सोन पापड़ी का इस्तेमाल कर आप मीठी कचौड़ी बना सकते हैं। इसके लिए आप सोन पापड़ी, चीनी, ड्राई फ्रूट्स और इलायची को एक ग्राइंडर जार में पीसकर पाउडर बना लें। इस पाउडर को आप आटे की लोइयों में भरकर तेल में तल लें। आपकी मीठी कचौड़ी तैयार है।