मानसिक स्वास्थ्य विकार दुनियाभर में तेजी से बढ़ती समस्या है, बच्चों से लेकर वयस्कों तक में इसका जोखिम देखा जा रहा है। अध्ययनकर्ता बताते हैं, कई जोखिम कारक हैं जो मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर रूप से नकारात्मक असर डाल रहे हैं, सभी लोगों को अपने मन को स्वस्थ और शांत रखने के लिए उपाय करते रहना चाहिए। अध्ययनकर्ताओं ने बताया समय के साथ मनोरोगों के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, आने वाले वर्षों में इसका जोखिम और भी अधिक हो सकता है।
World Mental Health Day: 75 की आयु तक दुनिया की 50% आबादी में मनोरोगों का खतरा, कैसे रहें सुरक्षित?
हर दो में से एक व्यक्ति में जोखिम
शोधकर्ताओं ने पाया कि आधी वैश्विक आबादी में 75 वर्ष की आयु तक मानसिक स्वास्थ्य विकारों का जोखिम देखा जा रहा है। क्वींसलैंड यूनिवर्सिटी और हार्वर्ड मेडिकल स्कूल के शोधकर्ताओं ने अध्ययन के आधार पर बताया कि दुनियाभर में हर दो में से एक व्यक्ति को अपने जीवनकाल में मानसिक स्वास्थ्य विकार का खतरा बना हुआ है। ज्यादातर लोगों में स्ट्रेस और डिप्रेशन की समस्या का खतरा देखा जा रहा है। अध्ययन में ये भी पाया गया है कि इसका जोखिम लिंग आधारित भी हो सकता है।
अध्ययन में क्या पता चला?
इस अध्ययन के लिए़ 2001 से 2022 तक 29 देशों के 150,000 से अधिक वयस्कों के डेटा की जांच की गई। शोध में यह भी पाया गया कि मानसिक स्वास्थ्य विकार सबसे ज्यादा बचपन, किशोरावस्था या युवा लोगों में देखे जा रहे हैं। शोधकर्ताओं ने बताया 15 साल वालों में सबसे कम उम्र में मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की समस्या वाली उम्र देखी गई है। पुरुषों के लिए मानसिक स्वास्थ्य विकारों की औसत उम्र 19 और महिलाओं के लिए 20 है। समय के साथ ये जोखिम बढ़ता जा रहा है।
पुरुषों-महिलाओं में मानसिक स्वास्थ्य की समस्या
अध्ययनकर्ताओं ने बताया, लिंग आधारित मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं की बात करें तो महिलाओं में अवसाद, सोशल फोबिया और पोस्ट ट्रॉमेटिक स्ट्रेस डिसऑर्डर (पीटीएसडी) प्रमुख स्वास्थ्य विकार देखे गए हैं। जबकि पुरुषों में अल्कोहल अव्यूज, डिप्रेशन और सोशल फोबिया की समस्या सबसे ज्यादा देखी जा रही है। इन स्थितियों पर अगर ध्यान न दिया जाए तो इसके कारण भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों को खतरा बढ़ जाता है।
कैसे रखें मानसिक स्वास्थ्य का ख्याल
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों के लिए ये जरूरी है कि आप अपनी मानसिक सेहत के ख्याल रखें। इसके लिए नियमित रूप से व्यायाम करना बहुत लाभकारी है। अच्छा आहार और रात की अच्छी नींद भी आपके मेंटल हेल्थ को ठीक रखने के लिए जरूरी है। मानसिक स्वास्थ्य के बारे में फैले स्टिग्मा को दूर करना और जरूरतमंदों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना मानसिक स्वास्थ्य के जोखिमों को कम करने के लिए जरूरी है।
--------------
स्रोत और संदर्भ
50% of the World’s Population Will Have a Mental Health Disorder by Age 75
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।