हृदय, हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है जो पूरे शरीर में रक्त पंप करता है, इस प्रक्रिया में आने वाली किसी भी तरह की समस्या का असर संपूर्ण स्वास्थ्य पर हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों के लिए जरूरी है कि आप हृदय को स्वस्थ रखने के लिए निरंतर प्रयास करते रहें, इसके लिए आहार और लाइफस्टाइल दोनों को ठीक रखने पर ध्यान देते रहना चाहिए। चूंकि अब कम उम्र के लोग भी हृदय रोगों के शिकार हो रहे हैं इसलिए जरूरी है कि हृदय को स्वस्थ रखन के लिए निरंतर प्रयास किया जाए।
World Heart Day 2023: इन लक्षणों का मतलब 'दिल का मामला है गड़बड़', तुरंत जाएं डॉक्टर के पास
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अमर उजाला से बातचीत में लखनऊ स्थित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ अभिनव श्रीवास्तव कहते हैं, सभी लोगों के लिए जरूरी है कि हृदय की सेहत का ध्यान रखें और इससे संबंधित समस्याओं के चेतावनी संकेतों को नज़रअंदाज न करें। हृदय रोग, दुनिया भर में मौत के प्रमुख कारणों में से एक है, इन संकेतों का शीघ्र पता लगाकर इलाज प्राप्त करना आवश्यक है। आइए जानते है किन लक्षणों पर सभी लोगों को गंभीरता से ध्यान देते रहना बहुत जरूरी है?
सीने में दर्द या बेचैनी
हृदय की बीमारी में अक्सर सीने में दर्द से होता है, जकड़न, दबाव महसूस होने या जलन की समस्या हो सकती है। हृदय की इस तरह की समस्याएं हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थितियों में भी देखी जाती रही हैं, जिनमें आपको आपातकालीन चिकित्सा की भी जरूरत हो सकती है। कुछ लोगों को बांहों, गर्दन, जबड़े या पीठ में भी दर्द हो सकती है। अगर आपको भी इस तरह की दिक्कत महसूस हो रही है तो तुरंत किसी डॉक्टर से मिलें।
सांस लेने में तकलीफ
हल्की गतिविधि से या आराम करते समय भी अगर आपको सांस फूलने की समस्या होती है तो ये हृदय संबंधी विकारों का संकेत हो सकता है। इसके साथ घुटन या हांफने की दिक्कत भी हो सकती है। सांस की तकलीफ के कई और भी कारण हो सकते हैं, ये फेफड़ों की बीमारियों में भी होने वाली दिक्कत है। हालांकि अगर आपको छाती में दर्द के साथ सांस लेने में दिक्कत हो रही है तो इसपर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए।
दिल की अनियमित धड़कन
दिल की धड़कन अगर अक्सर कम या ज्यादा होती रहती है तो ये आपके लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकती है। अनियमित दिल की धड़कन की स्थिति हार्ट अटैक और कई अन्य गंभीर हृदय विकारों की भी समस्या हो सकती है। धड़कन में अनियमितता पर ध्यान दें और अगर अक्सर ये दिक्कत रहती है तो किसी स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह जरूर ले लें।
----------------
नोट: यह लेख विशेषज्ञों की सलाह के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।