फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

World Diabetes Day: प्रीडायबिटीज पर ध्यान देकर बड़े जोखिमों से कर सकते हैं बचाव, जानिए कैसे लगाएं इसका पता?

Mon, 14 Nov 2022 12:05 AM IST
अभिलाष श्रीवास्तव हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
हेल्थ डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: अभिलाष श्रीवास्तव Updated Mon, 14 Nov 2022 12:05 AM IST
विज्ञापन
world diabetes day 2022, Lifestyle Changes To Reverse Prediabetes, risk and symptoms of prediabetes
प्रीडायबिटीज के जोखिम और लक्षण - फोटो : istock

डायबिटीज की समस्या वैश्विक स्तर पर तेजी से बढ़ती हुई रिपोर्ट की जा रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के आंकड़ों के मुताबिक दुनियाभर में इस गंभीर स्वास्थ्य समस्या के 43 करोड़ से अधिक रोगी हैं, हर साल यह बीमारी 15 लाख से अधिक लोगों के मौत का कारण बनती है। सामान्यतौर पर डायबिटीज को मुख्यरूप दो प्रकार का माना जाता है- टाइप-1 और टाइप-2, हालांकि इसके साथ स्वास्थ्य विशेषज्ञ डायबिटीज के शुरुआती स्तर प्रीडायबिटीज को लेकर भी लोगों को सतर्कता बरतने की सलाह देते हैं। प्रीडायबिटीज वालों में भविष्य में टाइप-2 डायबिटीज होने का जोखिम अधिक होता है।



एंडोक्रोनिलॉजिस्ट डॉ अल्तमश शेख बताते हैं, प्रीडायबिटीज का मतलब आपका ब्लड शुगर लेवल सामान्य से अधिक है, हालांकि इसे टाइप-2 डायबिटीज के लिए पर्याप्त नहीं माना जाता है। अगर प्रीडायबिटीज के निदान के बाद इसके रोकथाम जैसे जीवनशैली में बदलाव, आहार और व्यायाम पर ध्यान दे दिया जाए तो डायबिटीज के अगले चरणों और इसकी गंभीरता से बचाव किया जा सकता है। यदि आपको प्रीडायबिटीज है, तो भी मधुमेह के कारण होने वाले दीर्घकालिक जोखिमों- विशेष रूप से हृदय, रक्त वाहिकाओं और किडनी की समस्याएं हो सकती हैं। 

आइए जानते हैं कि प्रीडायबिटीज का पता कैसे लगाया जा सकता है और इससे बचाव के लिए किन बातों को ध्यान में रखना आवश्यक होता है?

world diabetes day 2022, Lifestyle Changes To Reverse Prediabetes, risk and symptoms of prediabetes
डायबिटीज में थकान और कमजोरी की समस्या - फोटो : istock

प्रीडायबिटीज के संकेतों के बारे में जानिए

डॉक्टर बताते हैं, प्रीडायबिटीज में आमतौर पर कोई खास लक्षण या संकेत नजर नहीं आते हैं। कुछ लोगों को शरीर के कुछ हिस्सों में त्वचा के काला पड़ने का संकेत दिख सकता है। हालांकि कुछ लक्षण हैं जो इस बात का संकेत हो सकते हैं कि आपकी प्रीडायबिटिक समस्या, टाइप-2 डायबिटीज में बदल सकती है। 

  • अधिक प्यास लगना या बार-बार पेशाब आना
  • थकान-कमजोरी।
  • धुंधला दिखाई देना।
  • पैरों या हाथों में सुन्नता या झुनझुनी।
  • बार-बार संक्रमण होना, विशेषतौर पर यूटीआई का खतरा।
  • घाव का जल्दी न भरना।
world diabetes day 2022, Lifestyle Changes To Reverse Prediabetes, risk and symptoms of prediabetes
प्रीडायबिटीज के खतरों के बारे में जानिए - फोटो : iStock

प्रीडायबिटीज की समस्या क्यों होती है?

प्रीडायबिटीज क्यों होती है, विशेषज्ञों को इसका सटीक कारण फिलहाल नहीं पता है। माना जाता है आनुवंशिकी इसके लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। शरीर को अधिकांश ग्लूकोज भोजन से प्राप्त होता है। भोजन के पाचन के साथ इससे मिलने वाली ग्लूकोज की मात्रा रक्तप्रवाह में प्रवेश करती है। यहां इंसुलिन हार्मोन की विशेष भूमिका होती है जो शुगर को कोशिकाओं में प्रवेश करने की अनुमति देती है, जिससे शरीर को आवश्यक ऊर्जा प्राप्त होती है।

डायबिटीज या प्रीडायबिटीज की स्थिति में इंसुलिन का उत्पादन प्रभावित हो जाता है जिससे ग्लूकोज का ऊर्जा के रूप में सही से उपयोग न होकर यह रक्त में बढ़ती जाती है। अधिक वजन, आहार की गड़बड़ी, शारीरिक निष्क्रियता जैसी समस्याएं प्रीडायबिटीज का कारण बन सकती हैं। 

विज्ञापन
विज्ञापन
world diabetes day 2022, Lifestyle Changes To Reverse Prediabetes, risk and symptoms of prediabetes
डायबिटीज की समय पर जांच और निदान जरूरी - फोटो : Istock

प्रीडायबिटीज का पता कैसे लगाएं?

अमेरिकन डायबिटीज़ एसोसिएशन (एडीए) कहता है 45 की आयु में सभी लोगों को डायबिटीज की जांच जरूर करा लेनी चाहिए। डॉ. विज्ञान मिश्रा (लैब विशेषज्ञ) कहते हैं, रक्त की जांच के माध्यम से डायबिटीज/प्रीडायबिटीज के जोखिमों का पता लगाया जा सकता है। ग्लाइकोसिलेटेड हीमोग्लोबिन (ए1सी जांच) के माध्यम से इसका पता लगाना आसान होता है। 5.7%-6.4% के बीच का निदान प्रीडायबिटीज और 6.5% या उससे अधिक को मधुमेह माना जाता है।

इसके अलावा सुबह खाली पेट ब्लड शुगर का स्तर लगातार 100-130 तक रहना प्रीडायबिटीज का संकेत हो सकता है। इसकी पुष्टि के लिए ओरल ग्लूकोज टॉलरेंस टेस्ट भी किया जाता है।

विज्ञापन
world diabetes day 2022, Lifestyle Changes To Reverse Prediabetes, risk and symptoms of prediabetes
मधुमेह को नियंत्रित रखने के करें उपाय - फोटो : iStock

प्रीडायबिटीज का इलाज और बचाव

स्वस्थ जीवनशैली को अपनाकर ब्लड शुगर के स्तर को सामान्य करने में मदद मिल सकती है। प्रीडायबिटीज में लाइफस्टाइल और आहार पर ध्यान रखना ही इसका उपचार माना जाता है। फल, सब्जियां, नट्स, साबुत अनाज के सेवन के साथ फैट और कैलोरी वाली चीजों से बचाव करके डायबिटीज को कंट्रोल किया जा सकता है। इसके अलावा वजन को नियंत्रित रखना सबसे आवश्यक माना जाता है। जांच के दौरान यदि आपमें मधुमेह का उच्च जोखिम पाया जाता है तो डॉक्टर उसी के आधार पर कुछ दवाइयों के सेवन की भी सलाह दे सकते हैं।

डॉक्टर अल्तमश कहते हैं, प्रीडायबिटीज वालों को टाइप-2 डायबिटीज होना आवश्यक नहीं है पर इसका जोखिम अधिक जरूर हो जाता है। इस वजह से सभी लोगों को बचाव के उपाय करते रहने चाहिए। 




--------------

नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है। 

अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

अगली फोटो गैलरी देखें
विज्ञापन

सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें  लाइफ़ स्टाइल से संबंधित समाचार (Lifestyle News in Hindi), लाइफ़स्टाइल जगत (Lifestyle section) की अन्य खबरें जैसे हेल्थ एंड फिटनेस न्यूज़ (Health  and fitness news), लाइव फैशन न्यूज़, (live fashion news) लेटेस्ट फूड न्यूज़ इन हिंदी, (latest food news) रिलेशनशिप न्यूज़ (relationship news in Hindi) और यात्रा (travel news in Hindi)  आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़ (Hindi News)।  

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed