शरीर को फिट और स्वस्थ बनाए रखने के लिए आपको शारीरिक रूप से सक्रिय रहने की जरूरत होती है। नियमित शारीरिक गतिविधि आपको मोटापा, हृदय रोग, कैंसर, मानसिक बीमारी, मधुमेह और गठिया जैसी गंभीर समस्याओं से बचाने में मदद कर सकती है। इसके लिए दिनचर्या में योग-व्यायाम को शामिल करना विशेष लाभदायक हो सकता है।
World Bicycle Day: रोजाना 30 मिनट साइकिलिंग हृदय रोग-मोटापे के खतरे को 50% तक कर देती है कम, बनाएं इसकी आदत
मोटापा कम करने वाला अभ्यास
साइकिल चलाना मुख्यरूप से एक एरोबिक गतिविधि है, जिसका अर्थ है कि इससे आपके हृदय, रक्त वाहिकाओं और फेफड़ों का आसानी से व्यायाम हो जाता है। जिन लोगों का वजन अधिक होता है, उनके लिए साइकिलिंग करना बेहतर अभ्यास हो सकता है। एक अध्ययन के अनुसार लगभग आधे घंटे तक साइकिल चलाने से 210-311 कैलोरी बर्न होती है, जो अतिरिक्त फैट को कम करने में काफी मददगार है।
20-93 वर्ष की आयु वाले 30,000 लोगों के साथ 14 वर्षों में किए गए एक डेनिश अध्ययन में पाया गया कि नियमित साइकिल चलाने वाले लोगों को हृदय रोगों का खतरा भी कम होता है। यह आदत आपके हृदय रोग-मोटापे के जोखिम को 50 फीसदी तक कम कर देती है।
मानसिक स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद
विशेषज्ञ कहते हैं, साइकिल चलाने से तनाव से राहत मिलती है। साइकिल चलाना ध्यानपूर्ण और आनंददायक हो सकता है, इसके अलावा बाहर जाना और प्रकृति के करीब रहने से आपके दिमाग को शांति मिलती है। इसके अलावा साइकिल चलाना आत्मविश्वास में वृद्धि करने, आपके मूड को ठीक रखने और तनावग्रस्त दिमाग को शांत करने में भी आपके लिए सहायक है। मानसिक स्वास्थ्य के लिए यह विशेष लाभकारी अभ्यास है।
साइकिल चलाने के अन्य फायदे
नियमित साइकिल चलाने के कई प्रकार के अन्य स्वास्थ्य लाभ भी होते हैं।
- कार्डियोवैस्कुलर फिटनेस में वृद्धि होता है।
- मांसपेशियों की ताकत और लचीलेपन में सुधार होता है।
- तनाव के स्तर में कमी और बेहतर मुद्रा-समन्वय में सहायक।
- हड्डियां मजबूत होती हैं साथ ही शरीर से वसा का स्तर कम होता है।
- शारीरिक और मानसिक दोनों प्रकार के स्वास्थ्य के लिए लाभदायक।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।