आंखें, ईश्वर का वरदान मानी जाती हैं, चूंकि ये शरीर के सबसे नाजुक अंगों में से एक हैं ऐसे में इनके विशेष देखभाल की भी आवश्यकता होती है। चोट, धूप और प्रदूषण से आंखों की सुरक्षा करने के साथ इन्हें अंदुरुनी शक्ति प्रदान करने की भी आवश्यकता होती है। अध्ययनों से पता चलता है कि बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ आंखों की आंतरिक सेहत पर भी ध्यान रखना आवश्यक माना जाता है। इसमें हमारे आहार की विशेष भूमिका होती है। रोजाना हम कई ऐसी चीजों का जाने-अनजाने सेवन करते रहते हैं जो आंखों के लिए काफी नुकसानदायक हो सकती हैं। कई चीजों का लंबे समय तक सेवन आपकी रोशनी को भी कम कर सकता है।
अलर्ट: आंखों की सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचाती हैं ये तीन चीजें, बहुत जरूरी है इनसे परहेज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जंक फूड्स हैं नुकसानदायक
जंक फूड्स न केवल शरीर के वजन को बढ़ा देते हैं साथ ही इनका अधिक सेवन आपकी आंखों के लिए भी नुकसानदायक माना जाता है। चिप्स, कुकीज और कैंडी जैसे स्नैक फूड्स का अधिक सेवन करने से शरीर को कई तरह से हानि पहुंचती है। इन चीजों में अस्वास्थ्यकर फैट के अलावा, नमक और चीनी की अधिकता शरीर के अंगों और संचार प्रणाली को प्रभावित करती है, जिससे आंखों में रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह बाधित होता है। जंक फूड्स के सेवन से बचना चाहिए।
सोडा-कोल्डड्रिक के नुकसान
गर्मियों के दिनों में सोडा और कोल्ड ड्रिक्स लोगों की पहली पसंद होते हैं, ये शरीर को तरावट देने के साथ आपको रिफ्रेश महसूस करा सकते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि इनका सेवन शरीर के लिए बहुत नुकसानदायक माना जाता है?
शोध में पाया गया है कि कोल्ड ड्रिक्स में उच्च मात्रा में फ्रुक्टोज होती है जो ब्लड शुगर को बढ़ा देती है। शोधकर्ताओं ने पाया कि इस प्रकार के मिठास का उपयोग करने वाले पेय, ट्राइग्लिसराइड के स्तर को बढ़ाते हैं जिससे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या हो सकती है। यह स्थिति आपकी आंखों के लिए समस्या पैदा कर सकती हैं।
तली हुई चीजें
तली हुई चीजें जैसे पकौड़े, समोसे आदि अगर आपको बहुत पसंद हैं तो इनका सेवन कम कर दीजिए। ये आपकी आंखों को लिए हानिकारक हो सकते हैं। तली हुई चीजों में मोनोअनसैचुरेटेड और पॉलीअनसेचुरेटेड फैट की अधिकता होती है जो रक्तचाप को बढ़ा सकती है। इसके परिणामस्वरूप आंखों को क्षति पहुंचने का जोखिम भी बढ़ जाता है। आंखों को स्वस्थ रखने के लिए वसायुक्त खाद्य पदार्थों के अधिक सेवन से बचें।
आंखों को सेहतमंद रखने के लिए क्या खाएं?
आंखों की रोशनी को बनाए रखने और इससे संबंधित कई तरह की बीमारियों से बचाव के लिए आहार में स्वस्थ और पौष्टिक चीजों को अधिक से अधिक मात्रा में शामिल करें। अंडे, हरी पत्ते वाली सब्जियां, खट्टे फल और जामुन, ओमेगा -3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थ, मछली, बादाम आदि का सेवन करना आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। इन चीजों को दैनिक आहार में जरूर शामिल करें।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।