मोटापे से पीड़ित लोग वजन कम करने की जद्दोजहद में लगे रहते हैं। कई लोग तरह-तरह के डाइट प्लान को फॉलो करते हैं, तो कुछ दवाओं का सहारा लेते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि कम समय में ज्यादा वजन कम करना सेहत पर बुरा असर डालता है। ऐसे में सही तरीका क्या है?
Weight Loss: बहुत तेजी से वजन घटाना कई अन्य समस्याओं को दे सकता है जन्म, एक हफ्ते में कितना कम करें वजन?
संतुलित आहार बिल्कुल न छोड़ें
तेजी से वजन तब कम होता है, जब आप खाने की मात्रा को आधे से भी कम कर देते हैं। इस वजह से मेटाबॉलिज्म काफी धीमा हो जाता है और स्टार्वेशन मोड में चला जाता है। यह मोड शरीर में एनर्जी बचाने के लिए मेटाबॉलिज्म को काफी धीमा कर देता है। इसका सबसे बड़ा नुकसान यह है कि दोबारा पहले की तरह खाना-पीना शुरू करते ही वजन पहले से भी ज्यादा बढ़ जाता है।
मेटाबॉलिज्म के गड़बड़ होने से शरीर की वजन कम रखने की क्षमता प्रभावित होती है। तेजी से वजन कम करने वाले कई डाइट प्लान में प्रतिदिन 800 ग्राम से कम कैलोरी शामिल की जाती है, जो ठीक नहीं है।
रोजाना कितने कैलोरी की जरूरत?
एक वयस्क को प्रतिदिन 1200-1300 कैलोरी की जरूरत होती है, जिसे बेसल मेटाबॉलिक रेट कहा जाता है। प्रतिदिन कई तरह के कार्यों को बिना थके पूरा करने के लिए शरीर को ऊर्जा की जरूरत पड़ती है। साथ ही मेटाबॉलिज्म को दुरुस्त रखने के लिए भी इसकी जरूरत होती है। ऐसे में एक दिन में सिर्फ 800 कैलोरी लेने से शरीर को जरूरी ऊर्जा नहीं मिलती और पोषक तत्वों की कमी हो जाती है।
तेज वजन घटाने के नुकसान
जल्दी वजन घटाने या बढ़ने से स्किन इलास्टिसिटी पर असर पड़ता है और वह इस प्रक्रिया में काम करना बंद कर देती है। त्वचा बेजान और बीमार दिखने लगती है। इस स्थिति में पतला शरीर आपको सुखद अहसास नहीं करा पाता है और आप मानसिक चिंता से घिर जाते हैं। इसके अलावा डाइट के बिगड़ने और पोषक तत्वों की कमी से कई प्रकार की मानसिक समस्याएं होने लगती हैं।
इसके अलावा मनपसंद चीजों से एकदम से दूरी बनाने से एक समय बाद आप खाना देखते ही खुद को वह चीज खाने से रोक नहीं पाएंगे। ऐसा लेप्टिन हार्मोन लेवल के असंतुलित होने के कारण होता है।
कितना वजन घटाना ठीक?
शरीर को सही ढंग से काम करने के लिए एक निश्चित मात्रा में वसा, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट की जरूरत होती है। इसके अलावा विटामिन और खनिजों की भी जरूरत होती है, जिसे हम संतुलित आहार कहते हैं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जुगल किशोर बताते हैं तेजी से वजन कम करने के बजाय एक सही गति से वजन कम करना लाभदायक रहता है। एक हफ्ते में 400 से 900 ग्राम तक वजन घटाना सही रहता है। इससे अधिक वजन कम करने की कोशिश करने से शरीर को नुकसान पहुंच सकता है। आप आहार विशेषज्ञ से विशेष प्रकार के डाइट प्लान पूछें और नियमित व्यायाम की आदत डालें। इससे आप सही तरह से वजन कम कर पाएंगे।
-------------------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।