सेहत को बेहतर बनाए रखने के लिए रात के समय अच्छी नींद लेना सबसे आवश्यक माना जाता है। नींद पूरी न होने के कारण न सिर्फ अगले दिन थकान की समस्या बनी रहती है, साथ ही शरीर पर इसके कई तरह से और भी नकारात्मक प्रभाव हो सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मानें तो बेडटाइम, यानी कि रात के समय सोने से पहले की आदतों का आपकी सेहत पर विशेष प्रभाव होता है, यही कारण है कि सोने से पहले सभी लोगों को वॉक करने की सलाह दी जाती है। रात के भोजन के बाद कुछ देर वॉक करने की आपकी आदत कई तरह के स्वास्थ्य लाभ प्रदान कर सकती है।
विशेषज्ञों की सलाह: सोने से पहले बना लें यह एक आदत, अच्छी नींद-बेहतर पाचन के साथ सेहत को होंगे अनेकों फायदे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नीद के पैटर्न और गुणवत्ता में होता है सुधार
कई अध्ययनों में इस बात पर जोर दिया गया है कि सभी लोगों को रात में 6-8 घंटे की निर्बाध नींद जरूर लेनी चाहिए। हालांकि जीवनशैली के कई कारक लोगों में नींद विकारों को बढ़ा रहे हैं। सोने से पहले कम से कम 20 मिनट वॉक करने की आदत इसमें आपकी मदद कर सकती है। अध्ययनों से पता चलता है कि डिनर के बाद वॉक करने की आदत स्लीपिंग हार्मोन को बढ़ावा देती है, जिससे नींद के पैटर्न और गुणवत्ता में सुधार होता है। अच्छी नींद, शारीरिक-मानसिक दोनों ही तरह के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक है।
वजन रहता है कंट्रोल
बढ़ता हुआ वजन मौजूदा समय की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। अध्ययनों से पता चलता है कि शरीर का वजन अधिक होने के कारण हृदय रोग, डायबिटीज और कई तरह की अन्य गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। डिनर के बाद तुरंत बेड पर चले जाने की आदत आपके मेटाबॉलिज्म को प्रभावित कर सकती है जिसके कारण वजन बढ़ सकता है। इस समस्या से बचे रहने के लिए सोने से पहले वॉक करने की आदत डालें। कुछ देर वॉक करके आप मेटाबॉलिक स्वास्थ्य में सुधार कर सकते हैं जिससे सेहत को कई तरह के लाभ मिलते हैं।
भोजन के बेहतर पाचन में सहायक
शोध में पाया गया है कि भोजन के बाद वॉक करने की आदत, आपके भोजन को पेट से छोटी आंतों में जाने में लगने वाले समय को कम कर देती है जिससे भोजन का पाचन बेहतर तरीके से समय पर हो पाता है। पाचन स्वास्थ्य के बेहतर होने से पोषक तत्वों का अवशोषण भी अच्छे तरीके से होता है, साथ ही अपच जैसी समस्याओं से भी छुटकारा पाया जा सकता है। खाने के तुरंत बाद बेड पर जाने से बचें। डिनर के बाद वॉक करने की आदत बनाएं, सेहत को इससे कई तरह के लाभ हो सकते हैं।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।