Medically Reviewed by Ms. Priya Pandey
डायटिशियन (आहार विशेषज्ञ), उजाला सिग्नस हॉस्पिटल
डिग्री- बी.एस.सी. (मानव पोषण)
अनुभव- 8 वर्ष
टमाटर को यूं ही पोषण का पावरहाउस नहीं कहा जाता है, बल्कि इसके अनेक फायदे हैं। इसमें अच्छी खासी मात्रा में विटामिन-ए, विटामिन-सी और विटामिन-के होता है। इसके अलावा टमाटर में पोटैशियम, मैग्नीशियम, फास्फोरस, तांबा और नियासिन जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं और ये सभी स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक हैं। टमाटर की सबसे अच्छी बात ये है कि इसमें सोडियम, कोलेस्ट्रॉल और कैलोरी की मात्रा बेहद ही कम होती है। टमाटर का उपयोग वैसे कई तरीकों से किया जाता है। कुछ लोग इसे सब्जी में डालकर खाते हैं तो कुछ सलाद के रूप में। वहीं कुछ लोग टमाटर का जूस और सूप पीना भी पसंद करते हैं। खैर, इसका सेवन आप किसी भी तरीके से करें, इसके पौष्टिक गुण आपको जरूर मिलेंगे। आइए जानते हैं टमाटर के सेवन से होने वाले फायदों के बारे में...
सलाह: पोषण का पावरहाउस होता है टमाटर, रोजाना सेवन से मिलते हैं ये जबरदस्त फायदे
टमाटर के सेवन से पाचन में सुधार होता है। इसके साथ ही यह रक्त परिसंचरण (ब्लड सर्कुलेशन) को बढ़ाने, कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कम करने, समय से पहले उम्र बढ़ने से रोकने और सूजन को कम करने में भी मदद करता है। इसके अलावा टमाटर को हड्डियों के लिए भी एक अच्छा आहार माना जाता है।
टमाटर में पाए जाने वाले गुण डायबिटीज, त्वचा संबंधी समस्याएं और मूत्र पथ के संक्रमण से भी राहत प्रदान करते हैं। इसमें लाइकोपीन नाम का एक एंटी-ऑक्सीडेंट मौजूद होता है, जो त्वचा को सूरज की हानिकारक किरणों से होने वाले नुकसान से बचाता है।
टमाटर विटामिन और खनिजों का एक अच्छा स्रोत होता है, इसलिए यह हृदय संबंधी बीमारियों से भी बचाता है। नियमित रूप से इसके सेवन से उच्च रक्तचाप को कम करने में मदद मिलती है। लेकिन ध्यान रहे कि इसका अधिक सेवन नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। इसलिए उचित मात्रा में ही इसका सेवन करें।
टमाटर को प्रतिरक्षा यानी इम्यूनिटी बढ़ाने वाला आहार भी माना जाता है। इसमें लाइकोपीन और बीटा कैरोटीन जैसे एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं, जो प्रतिरक्षा में सुधार करने और उसे मजबूत करने में मदद करते हैं। इसके अलावा यह विटामिन-सी से भी भरपूर होता है।