टिकटॉक स्टार इमैनुएल इमू एवियन फ्लू के शिकार हो गए हैं। उनके कार्यवाहक टेलर ब्लेक ने एक ट्वीट के माध्मय से जानकारी देते हुए बताया कि इमू हालिया दिनों में जंगली पक्षियों के संपर्क में आए थे जिसके बाद से वह बीमार हैं। दक्षिणी फ्लोरिडा में जंगली हंसों के झुंड के चलते उनके फार्म हाउस में तीन दिनों के भीतर 50 फीसदी से अधिक पक्षियों की संक्रमण के चलते मौत हो गई थी। संभवत: इमू को भी वहीं से संक्रमण हुआ है।
Avian Flu: इस जानलेवा रोग से संक्रमित हुए टिकटॉक स्टार इमैनुएल इमू, जानिए इसके लक्षण और बचाव के तरीके
एवियन या बर्ड फ्लू के बारे में जानिए
बर्ड फ्लू एक प्रकार के इन्फ्लूएंजा वायरस के कारण होता है, हालांकि इससे सीधे तौर पर इंसानों के प्रभावित होने का जोखिम नहीं होता है। यह पक्षियों, मुर्गों में होने वाला संक्रमण है जिनके माध्यम से यह इंसानों में संक्रमण का कारण बनता है। एशिया, अफ्रीका, उत्तरी अमेरिका और यूरोप के कुछ हिस्सों में बर्ड फ्लू का प्रकोप देखा जा चुका है।
कुछ मामलों में, बर्ड फ्लू एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में भी फैल सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, खुले बाजार में जहां अंडे और मुर्गे बेचे जाते हैं, या जहां पर पोल्ट्री फार्म्स होते हैं वहां से संक्रमण के बढ़ने का खतरा सबसे अधिक देखा गया है।
बर्ड फ्लू के लक्षणों के बारे में जानिए
बर्ड फ्लू के लक्षण संक्रमण के दो से सात दिनों के भीतर शुरू हो जाते हैं। ज्यादातर मामलों में इसके लक्षण इन्फ्लूएंजा संक्रमण की तरह ही होते हैं, जिनपर समय रहते ध्यान और उपचार की विशेष आवश्यकता होती है। संक्रमितों में खांसी, बुखार, गला खराब होना, मांसपेशियों के दर्द, सिरदर्द, सांस लेने में कठिनाई हो सकती है। कुछ लोगों को मतली, उल्टी या दस्त का भी अनुभव होता है। शोधकर्ताओं ने कुछ संक्रमितों में कंजंक्टिवाइटिस की समस्या भी देखी है, जो इसे सामान्य इन्फ्लूएंजा संक्रमण से अलग बनाती है।
यदि आपने हाल ही में किसी ऐसे स्थान की यात्रा की है जहां बर्ड फ्लू का प्रकोप है और आपमें बुखार, खांसी और शरीर दर्द जैसे लक्षण दिख रहे हैं तो इस बारे में तुरंत किसी डॉक्टर से संपर्क करके इलाज प्राप्त करें।
बर्ड फ्लू के कारण गंभीर जटिलताओं का खतरा
बर्ड फ्लू से पीड़ित लोगों में समय से स्थिति की पहचान और इलाज न होने के कारण कई गंभीर और जानलेवा स्वास्थ्य जटिलताओं के विकसित होने का भी जोखिम हो सकता है। यह निमोनिया, रेस्पोरेटरी फेलियर. किडनी और हृदय की समस्याओं का भी कारण बन सकती है। बर्ड फ्लू से संक्रमित होने वाले आधे से ज्यादा लोगों में मौत का खतरा होता है।
रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र का अनुमान है कि अकेले संयुक्त राज्य अमेरिका में हर साल हजारों मौतों के लिए इसे एक कारण माना जा सकता है। ऐसे में समय पर इलाज और इससे बचाव करते रहना आवश्यक माना जाता है।
बर्ड फ्लू का इलाज और बचाव
बर्ड फ्लू से संक्रमितों की स्थिति और लक्षणों के आधार पर इलाज के लिए डॉक्टर एंटीवायरल दवाओं को प्रयोग में ला सकते हैं। रोग के इलाज के दौरान लक्षणों को ठीक करने और रोग को बढ़ने से रोकने पर ध्यान दिया जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, सभी लोगों को बर्ड फ्लू से बचाव के उपाय करते रहना चाहिए। यदि आप किसी संक्रमण प्रभावित क्षेत्र में रहते हैं या हाल ही में वहां की यात्रा की है तो पक्षियों विशेषकर पोल्ट्री के संपर्क में आने से बचें। अंडे-चिकन का सेवन बिल्कुल न करें।
सभी प्रकार के संक्रमणों को रोकने का सबसे सरल और सर्वोत्तम तरीका है- हाथ धोते रहना। यात्रा करते समय अल्कोहल-आधारित हैंड सैनिटाइज़र का उपयोग करें, या फिर साफ साबुन-पानी से हाथ धोते रहें। फ्लू शॉट संक्रमण के जोखिम को कम करने में मदद कर सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।