दर्द कई तरह के हो सकते हैं। पीठ दर्द, बदन दर्द, कमर दर्द, पैर दर्द, जोड़ों का दर्द आदि। लेकिन बात जब माइग्रेन के दर्द की आती है तो बाकी सभी दर्द इसके आगे छोटे नजर आते हैं। इसमें कई लोगों को सिर दर्द के साथ-साथ उल्टी जैसी दिक्कतों से जूझना पड़ता है। इन लोगों को दवाइयों के सेवन के साथ-साथ कई चीजों का परेहज करना पड़ता है, और अगर ये ऐसा नहीं करते हैं तो इनकी दिक्कतें काफी बढ़ सकती है। तो चलिए आपको बताते हैं कि ऐसे रोगियों को किन-किन चीजों का परेहज करना बेहद जरूरी है, नहीं तो इनकी दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
माइग्रेन के मरीजों के लिए नुकसानदायक हैं ये चीजें, जानें इनके बारे में सबकुछ
माइग्रेन बीमारी में हमें अपने खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए, और इस बीमारी का सबसे बड़ा दुश्मन नमक को माना जाता है। वैसे तो नमक हमारे शरीर में आयोडिन की कमी को पूरा करता है, लेकिन माइग्रेन में ये हमें कई तरह की दिक्कतें कर सकता है। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति अगर ज्यादा मात्रा में नमक का सेवन करता है, तो उसके रक्तचाप में वृद्धि की शिकायत हो सकती है और इस वजह से माइग्रेन का दर्द हो सकता है। इसलिए ऐसे लोगों को नमक का कम ही सेवन करना चाहिए।
माइग्रेन के लोगों के लिए चीज भी सही नहीं मानी जाती है। स्विस, पारमेजियान, चेद्दार और ब्लू चीज में टाइरामाइन नाम का एमिनो एसिड काफी मात्रा में पाया जाता है। हमारे मस्तिष्क में मौजूद नर्सों में सिकुड़न और खिंचाव पैदा कर ये माइग्रेन के दर्द को उभारता है। इसके अलावा फोजन खाद्य सामग्राी का रंग और स्वाद बनाए रखने के लिए इनमें नाइट्रेट और नाइट्राइट जैसे प्रिजवेंटिव का इस्तेमाल किया जाता है। ये प्रिजर्वेटिव माइग्रेन का दर्द उभारने के लिए जिम्मेदार पाए गए हैं।
माइग्रेन से पीड़ित लोगों के लिए कैफीन का इस्तेमाल भी सही नहीं होता है। जिन चीजों में कैफीन की मात्रा पाई जाती है, वो हमारे खून में एडिनोसिन का स्तर बढ़ाकर माइग्रेन के दर्द को जन्म देने में अहम रोल निभाते हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि दिनभर में 200 मिलीग्राम से ज्यादा कैफीन का इस्तेमाल करने से सिर में काफी दर्द हो सकात है, जो असहनीय होता है। इसलिए हमें चाय, कॉफी जैसे पेय पदार्थों का सेवन ज्यादा नहीं करना चाहिए, क्योंकि इनमें भी कैफीन की काफी मात्रा पाई जाती है।
माइग्रेन की समस्या से जूझ रहे लोगों को शराब और वो भी खास कर रेड वाइन का सेवन करना घातक हो सकता है। इसमें सल्फाइट और टैनिन यौगिक पाए जाते हैं, जो इन लोगों के लिए सही नहीं होते हैं। वहीं, इन रोगियों के लिए चॉकलेट का सेवन भी सही नहीं माना जाता है। इसमें कैफीन और बीटा-फिनायनिथामाइन प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। ये दोनों ही तत्व मस्तिष्क में मौजूद नसों को चौड़ा बनाकर खून का प्रवाह तेज करते हैं, जिसकी वजह से सिर में असहनीय दर्द हो सकता है।
नोट: यह सलाह केवल आपको सामान्य जानकारी प्रदान करने के लिए दी गई है। आप किसी भी चीज का सेवन या कोई भी घरेलू उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।