Heatwave Tips: गर्मियों का मौसम अपनी चिलचिलाती धूप और बढ़ते तापमान के साथ कई स्वास्थ्य जोखिम लेकर आता है। तेज धूप में लंबे समय तक रहने से डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और बेहोशी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, उच्च तापमान के कारण शरीर का तापमान नियंत्रण बिगड़ सकता है, जिससे चक्कर आना या बेहोश होने की आशंका बढ़ जाती है। अगर कोई व्यक्ति तेज धूप में बेहोश हो जाए, तो उसकी मदद के लिए सही कदम उठाना जरूरी है।
Summer Health: तेज धूप में कोई हो जाए बेहोश तो भूलकर भी न करें ये गलती, वरना हो सकती है गंभीर स्थिति
भीषण गर्मी में अक्सर लोग डिहाइड्रेशन की वजह से बेहोश हो जाते हैं। ऐसे में कुछ सावधानियां बरतनी बहुत जरूरी है। कई बार लोग कुछ गलतियां कर देते हैं, जिससे स्थिति गंभीर हो सकती है, इसलिए इसके बारे में आपको भी जानना चाहिए।
बेहोश व्यक्ति को पानी पिलाने की गलती न करें
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, जब कोई व्यक्ति तेज धूप के कारण बेहोश हो जाता है, तो उसे तुरंत पानी पिलाने की कोशिश करना खतरनाक हो सकता है। बेहोशी की स्थिति में व्यक्ति की निगलने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे पानी फेफड़ों में जाने का खतरा बढ़ जाता है और सांस लेने में दिक्कत जैसी गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है।
वायुमार्ग-सांस न होने पाए बाधित
बेहोश व्यक्ति को सही तरीके से सांस लेने में मदद करने के लिए उसकी ठुड्डी को हल्के से ऊपर उठाएं और सिर को एक तरफ थोड़ा झुकाएं। सुनिश्चित करें कि वह आसानी से सांस ले रहा है। यदि सांस लेने में कोई कठिनाई दिखे, तो जरूरत पड़ने पर सीपीआर दिया जा सकता है।
ये भी पढ़ें- Health Tips: भीषण गर्मी में भी शरीर को ठंडक पहुंचाती हैं ये चीजें, आज ही अपनी डाइट में करें शामिल
इन बातों का भी रखें ध्यान-
- बेहोश व्यक्ति को धूप से हटाकर ठंडी और छायादार जगह पर लिटाएं।
- गीले कपड़े से माथे, गर्दन और कलाइयों को पोंछें। पंखे या हवा का उपयोग करें।
- तंग कपड़ों को ढीला करें ताकि सांस लेने में आसानी हो।
- जब व्यक्ति होश में आए, तो उसे थोड़ा-थोड़ा पानी या इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय (जैसे नारियल पानी) दे सकते हैं।
- अगर व्यक्ति 1-2 मिनट में होश में नहीं आता, तो तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं या मेडिकल हेल्प लें।
ये भी पढ़ें- Heatwave: बढ़ती गर्मी कहीं सेहत के लिए न पड़ जाए भारी? स्वास्थ्य विशेषज्ञ से जानिए लू से बचने के लिए क्या करें
गर्मियों में चक्कर और बेहोशी से कैसे बचें?
- दिन भर में 2-3 लीटर पानी पिएं। नारियल पानी, नींबू पानी या ओआरएस जैसे पेय शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखते हैं।
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें। छाता, टोपी या हल्के रंग के कपड़े पहनें।
- खीरा, तरबूज, पुदीना और दही जैसे ठंडक देने वाले खाद्य पदार्थ डाइट में शामिल करें। नमक और चीनी का संतुलित सेवन करें।
- गर्मी में अत्यधिक धूप में शारीरिक श्रम करने से बचें। जितना संभव हो सके सूरज के संपर्क में आने से बचें, खासकर दोपहर के दौरान।
- सूती, ढीले-ढाले और हल्के कपड़े पहनें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।