शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए खानपान में सुधार करना सबसे जरूरी माना जाता है, हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं उसका हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य पर सीधा असर होता है। यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को डाइट में ऐसी चीजों को अधिक से अधिक शामिल करने की सलाह देते हैं, जिससे पोषक तत्वों की जरूरतों को आसानी से पूरा किया जा सके। अगर खान-पान की आदतों में कोई गड़बड़ी हुई तो इससे समय के साथ कई तरह की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
हेल्थ की बात: पेट भरकर खाते हैं फिर भी नहीं जा रही शरीर की कमजोरी? जानिए कहां हो रही है आपसे गलती
Nutritional Deficiency: पेट भरकर खाना खाने के बावजूद शरीर में पोषण की कमी हो सकती है। एक जैसी डाइट, भोजन में प्रोटीन की कमी, फास्ट फूड और फल-सब्जियां कम खाने से आपके लिए परेशानी बढ़ सकती है। शरीर में पोषक की कमी के कारण थकान, बाल झड़ने, कमजोरी और बार-बार बीमार पड़ने जैसी दिक्कतें होने लगती हैं।
क्या कहती हैं आहार विशेषज्ञ?
आहार विशेषज्ञ ऋचा शर्मा कहती हैं, पेट भरना और शरीर को पर्याप्त पोषण मिलना दोनों अलग बातें हैं। हमारे शरीर को रोजाना कैलोरी वाली चीजों के साथ प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट, विटामिन और मिनरल्स की भी जरूरत होती है। इनमें से किसी की भी कमी होने पर शरीर का सामान्य काम-काज प्रभावित हो सकता है।
- हमें लगता है कि भोजन से पेट भर रहा है तो शरीर को न्यूट्रिशन भी मिल रहा होग, हालांकि ये जरूरी नहीं है।
- अगर आपकी डाइट में हरी सब्जियों, फल, साबुत अनाज की कमी है तो इससे कई प्रकार के पोषक तत्वों की कमी होने का खतरा भी काफी बढ़ जाता है।
आखिर क्यों होती है ये समस्या?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए खान-पान की आदतों में सुधार करना बहुत जरूरी है। आपकी छोटी-छोटी गलतियां कई बार बड़ी समस्याओं का रूप ले सकती है।
- रोज सिर्फ चावल, रोटी या कुछ चुनिंदा चीजें खाने से पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। रोजाना के भोजन में विविधता जरूरी है।
- डाइट में दाल, दूध-दही, पनीर और अन्य प्रोटीन वाली चीजें पर्याप्त मात्रा में न होने से मांसपेशियों और शरीर की मरम्मत प्रभावित हो सकती है।
- अगर आप फल और सब्जियां नहीं खाते हैं तो इससे शरीर में कई विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर की कमी हो सकती है, जो पाचन और शरीर के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी हैं।
- इसी तरह अगर आप अक्सर पैकेट वाले स्नैक्स, मीठे पेय और फास्ट फूड खाते हैं तो इनसे कुछ समय के लिए पेट तो भर जाता है पर शरीर को इससे कोई लाभ नहीं होता है।
अच्छी सेहत के लिए क्या करें?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने के कारण सिर्फ कमजोरी ही नहीं लगती है, बल्कि इससे बालों के झड़ने, नाखून टूटने, बार-बार संक्रमण होने और घाव भरने में देरी जैसी दिक्कतें भी हो सकती हैं। जो लोग डाइटिंग करते हैं उनमें भी कुछ न्यूट्रिशन की कमी का खतरा हो सकता है।
- इस तरह की दिक्कतों से बचे रहने के लिए डाइट में साबुत अनाज, दालें और प्रोटीन वाली चीजों की मात्रा बढ़ाएं।
- रोज हरी सब्जियां, फल, दूध या अन्य कैल्शियम वाली चीजें जरूर खानी चाहिए।
- संतुलित और पौष्टिक डाइट शरीर को स्वस्थ रखने और कई बीमारियों के खतरे को कम करने में मददगार हो सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
