शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए खानपान को ठीक रखना जरूरी माना जाता है, हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं उसका शरीर पर सीधा असर होता है। यही कारण है कि सभी लोगों को ऐसी डाइट लेने की सलाह दी जाती है, जिससे जरूरी पोषक तत्वों की आसानी से पूर्ति हो सके।
अलर्ट: शरीर में सोडियम का संतुलन बिगड़ा तो बढ़ जाएगी सेहत की मुश्किलें, हाई हो या लो दोनों खतरनाक
Sodium Imbalance: सोडियम शरीर में पानी का संतुलन, नसों और मांसपेशियों के काम के लिए जरूरी है। ज्यादा सोडियम ब्लड प्रेशर बढ़ा सकता है, जबकि इसके कम होने से सिरदर्द, कमजोरी, उलझन और गंभीर स्थिति में दौरे हो सकते हैं।
सोडियम के स्तर पर दें ध्यान
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर में सोडियम के स्तर को ठीक रखने के लिए आमतौर पर लोग नमक खाना कम कर देते हैं। हालांकि सोडियम का संतुलन सिर्फ नमक खाने से नहीं, बल्कि शरीर में पानी की मात्रा, किडनी की कार्यक्षमता और कुछ दवाओं से भी प्रभावित होता है।
- सोडियम शरीर के लिए जरूरी इलेक्ट्रोलाइट है। इलेक्ट्रोलाइट ऐसे मिनरल्स होते हैं, जो शरीर के तरल पदार्थों में घुले रहते हैं और नसों, मांसपेशियों तथा पानी के संतुलन को बनाए रखने में मदद करते हैं।
- सोडियम का संतुलन बिगड़ने पर शरीर के कई काम-काज प्रभावित हो सकते हैं।
सोडियम ज्यादा होने से क्या होता है?
डाइट में नमक यानी सोडियम की मात्रा ज्यादा होने से ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। इससे लंबे समय में दिल की बीमारी और स्ट्रोक का खतरा हो सकता है। हालांकि यहां जानना जरूरी है कि सिर्फ ज्यादा नमक खाने से ही सोडियम नहीं बढ़ता है। अचार, पापड़, नमकीन-चिप्स और पैकेट वाले फूड में भी सोडियम ज्यादा हो सकता है।
- अगर आपका ब्लड प्रेशर अक्सर सामान्य से ज्यादा रहता है, तो अपने खान-पान पर ध्यान दें। ज्यादा नमक वाली चीजें आपके लिए मुश्किलें बढ़ा सकती हैं।
सोडियम कम होने पर क्या होता है?
खून में सोडियम का स्तर सामान्य से कम होने की स्थिति को हाइपोनेट्रेमिया कहते हैं। यहां भी जानना जरूरी है कि सोडियम कम होने की वजह सिर्फ नमक कम खाना नहीं है। बहुत ज्यादा पानी पीना, उल्टी-दस्त, किडनी, दिल या लिवर की बीमारियां भी ये समस्या बढ़ाने वाली हो सकती है।
- अगर आपके शरीर में सोडियम का स्तर कम हो गया है तो इसके कारण सिरदर्द, मतली या उल्टी, मांसपेशियों में ऐंठन और गंभीर मामलों में दौरे या बेहोशी हो सकती है।
- यही कारण है कि स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को संतुलित मात्रा में ही नमक खाने की सलाह देते हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी सेहत और सोडियम के स्तर को कंट्रोल में रखने के लिए नमक वाली चीजें संतुलित मात्रा में खानी चाहिए। वयस्कों के लिए प्रतिदिन 5 ग्राम से कम नमक (लगभग एक छोटी चम्मच से कम) की सलाह दी जाती है। भोजन में नमक के अलावा चिप्स-नमकीन से मिलने वाले नमक की मात्रा भी कम रखनी चाहिए।
जिन लोगों को पहले से ही किडनी, हार्ट या ब्लड प्रेशर की समस्या है ऐसे लोगों को खान-पान को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
