दुनियाभर में कैंसर का खतरा काफी तेजी से बढ़ता देखा जा रहा है। पुरुषों में फेफड़ों और मुंह के कैंसर के साथ-साथ प्रोस्टेट कैंसर का भी जोखिम सबसे ज्यादा देखा जाता रहा है। आंकड़ों से पता चलता है कि प्रोस्टेट कैंसर भारत में गंभीर स्वास्थ्य समस्या बनता जा रहा है, खासकर उम्रदराज पुरुषों के बीच इसका जोखिम अधिक होता है। यह कैंसर प्रोस्टेट नामक ग्रंथि में होता है, जो पुरुष प्रजनन तंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
Prostate Cancer: मिल गया प्रोस्टेट कैंसर से बचाव का सबसे आसान तरीका, पुरुषों को जरूर करना चाहिए सेवन
क्यों बढ़ रहे हैं प्रोस्टेट कैंसर के मामले?
भारत में प्रोस्टेट कैंसर के बढ़ते खतरे के लिए आहार और जीवनशैली में गड़बड़ी को प्रमुख माना जाता रहा है। प्रोस्टेट कैंसर का सबसे बड़ा जोखिम कारक उम्र है। आमतौर पर 50 वर्ष से अधिक उम्र के पुरुषों में इसका जोखिम काफी अधिक हो जाता है। इसके अलावा जिन लोगों के परिवार में पहले से किसी को प्रोस्टेट कैंसर रहा है उन्हें अतिरिक्त सावधानी बरतते रहना चाहिए।
आइए उन उपायों के बारे में जानते हैं जिनकी मदद से इस बढ़ते कैंसर के जोखिमों से बचाव किया जा सकता है।
बहुत फायदेमंद हो सकता है अनार का जूस
शोधकर्ता बताते हैं कि अनार के जूस का सेवन करना प्रोस्टेट कैंसर के जोखिमों को कम करने में आपके लिए बहुत लाभकारी हो सकता है। प्रारंभिक शोध से पता चलता है कि प्रतिदिन 220 ग्राम अनार का जूस पीने से प्रोस्टेट कैंसर से बचने में मदद मिल सकती है। शोधकर्ताओं ने बताया कि अनार के जूस में प्रभावी बायोएक्टिव कंपाउंड्स होते हैं जो प्रोस्टेट कैंसर कोशिकाओं के प्रसार को रोकने में मदद कर सकते हैं।
अध्ययनों में क्या पता चला?
पशुओं और टेस्ट-ट्यूब अध्ययनों से पता चला है कि अनार का जूस और अर्क से प्रोस्टेट कैंसर कोशिकाओं के उत्पादन को रोका जा सकता है, हालांकि मनुष्यों में इसके प्रभावों को जानने के लिए और अधिक शोध की आवश्यकता है।
प्रोस्टेट कैंसर से पीड़ित पुरुषों पर किए गए एक प्रारंभिक अध्ययन में अनार के जूस से रोगियों के पीएसए के दोगुना होने का समय को बढ़ाने में लाभ देखा गया। यहां जानना जरूरी है कि जितना अधिक दोगुना होने का समय होगा ट्यूमर की वृद्धि उतनी ही धीमी होती है।
हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कुछ लोगों जैसे जिनका ब्लड प्रेशर अक्सर लो रहता है उन्हें अनार के जूस का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर ले लेनी चाहिए।
ये चीजें भी फायदेमंद
अनार के जूस की ही तरह अलसी के बीजों के सेवन से भी प्रोस्टेट कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है। शोधकर्ताओं का कहना है कि अलसी के बीज प्रोस्टेट ट्यूमर के विकास को धीमा करने में मदद कर सकते हैं। इसमें फाइबर सहित कई प्लांट बेस्ड कंपाउंड्स होते हैं जो कैंसर से बचाने में आपके लिए मददगार है।
ग्रीन-टी भी इस कैंसर से बचाने में आपके लिए लाभकारी हो सकती है। ग्रीन टी में मौजूद EGCG नामक यौगिक कैंसर कोशिकाओं को कम करने में लाभकारी हो सकती है।
---------------
स्रोत और संदर्भ
Health benefit of pomegranate juice on prostate cancer and the heart
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।