कोविड-19 संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए टीकाकरण को ही विशेषज्ञ सबसे प्रभावी तरीका मानते हैं। कोविड-19 से बचाव के लिए 56 दिनों के अंतराल पर दो टीकों की खुराक देने का प्रावधान है। लेकिन क्या आपको पता है कि टीकाकरण के बाद भी आप कोविड-19 से संक्रमित हो सकते हैं? डॉक्टरों का मानना है कि टीकाकरण के बाद खुद को बेखौफ मानना सही नहीं है। दोनों खुराक लेने के बाद भी यदि कुछ गलतियां कर रहे हैं तो आप कोरोना वायरस को संक्रमण फैलाने का आमंत्रण दे रहे हैं।
टीकाकरण के बाद ऐसी गलतियों के कारण दोबारा हो सकते हैं संक्रमित, जानें क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
डॉक्टरों का मानना है कि टीकाकरण से संक्रमण और इससे होने वाली मृत्यु दर को कम करने में मदद मिलती है लेकिन हमारे पास ऐसे पर्याप्त उदाहरण नहीं हैं जिसके आधार पर माना जा सके कि यह ट्रांसमिशन को कितने प्रतिशत तक कम कर सकती है? ऐसे में टीकाकरण के बाद भी आपको संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए सुरक्षात्मक उपायों को प्रयोग में लाते रहना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक टीकाकरण के बाद लोग सामान्यतौर पर यह गलतियां करते हैं, जो नुकसानदायक हो सकती है।
मास्क न पहनना
ज्यादातर लोग मानते हैं कि टीका लगने के बाद मास्क लगाने की जरूरत नहीं है, हालांकि यह सही नहीं है। टीकाकरण के बाद भी मास्क सही ढंग से और हर बार पहनना चाहिए। इस आदत को तब तक प्रयोग में लाते रहना आवश्यक है जबतक कि सामुदायिक-स्तर की प्रतिरक्षा प्राप्त नहीं हो जाती है। हर बार घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर लगाकर रखें।
गैरजरूरी यात्रा करना
कोविड-19 के कारण लगे लॉकडाउन ने लोगों को लंबे समय तक घरों में बंद रहने को मजबूर कर दिया था। अब जब टीकाकरण शुरू हो चुका है ऐसे में लोगों ने दोबारा से यात्रा शुरू कर दी है। डॉक्टरों का मानना है कि चूंकि अभी भी सामुदायिक स्तर पर कोरोना से जीत नहीं मिली है इसलिए सिर्फ बहुत आवश्यकता होने पर ही यात्रा करें। अनायास की यात्रा से बचें।
पुरानी बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी की जरूरत
डॉक्टरों का मानना है कि यदि आपको पहले से ही प्रतिरक्षा से जुड़ी बीमारियां हैं और आपने टीकाकरण करा लिया है, फिर भी आपको सावधानी बरतनी चाहिए। कुछ डॉक्टरों का यह भी मानना है कि जिन लोगों की प्रतिरक्षा कमजोर है उनमें संक्रमण का खतरा बना रहता है ऐसे में उन्हें लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए।