संतरा, दुनियाभर में सबसे पसंदीदा फलों में से एक हैं। सर्दियों के मौसम में संतरे बहुतायत मात्रा में उपलब्ध होते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक रोजाना संतरे का सेवन करना सेहत के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। संतरे में पाए जाने वाले विटामिन्स और पोषक तत्व कई तरह की बीमारियों के जोखिम को कम कर सकते हैं। संतरा में फाइबर, विटामिन-सी, थायमिन, फोलेट और एंटीऑक्सिडेंट जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, शरीर के लिए इनको बेहद आवश्यक माना जाता है।
आज का हेल्थ टेस्ट: सर्दियों में रोज खाइए यह एक फल, हृदय रोग और त्वचा की समस्याएं होंगी दूर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हृदय रोगों में फायदेमंद
हृदय रोग, मौजूदा समय में दुनियाभर में असमय मृत्यु के सबसे आम कारणों में से एक है। अध्ययनों से पता चलता है कि संतरे का सेवन हृदय रोगों के खतरे को कम कर सकता है। संतरे में फ्लेवोनोइड्स नाम का एक तत्व पाया जाता है जो हृदय रोग के खतरे को कम कर सकता है। मनुष्यों पर किए गए नैदानिक अध्ययनों से पता चलता है कि चार सप्ताह तक संतरे का रोजाना सेवन, रक्त को पतला करने के साथ ब्लड प्रेशर को कम करने में सहायक हो सकता है।
किडनी में पथरी बनने से रोकता है
संतरा, साइट्रिक एसिड और साइट्रेट का एक अच्छा स्रोत है, विशेषज्ञों के मुताबिक यह किडनी की पथरी को बनने से रोकने में मदद करता है। ऐसे रोगियों को पोटेशियम साइट्रेट के सेवन की सलाह दी जाती है। अध्ययनों से पता चलता है कि संतरे में पोटेशियम साइट्रेट के समान गुण पाए जाते हैं, जो किडनी को स्वस्थ रखने में सहायक हैं।
एनीमिया का खतरा होगा दूर
शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं या हीमोग्लोबिन की कमी के कारण एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है। वैसे तो संतरे में आयरन की अधिकता नहीं होती है, हालांकि इसे विटामिन-सी (एस्कॉर्बिक एसिड) और साइट्रिक एसिड जैसे कार्बनिक अम्लों का एक उत्कृष्ट स्रोत माना जाता है। यह दोनों शरीर के पाचन तंत्र से आयरन के अवशोषण को बढ़ा सकते हैं। खून की कमी वाले लोगों को संतरे खाने की सलाह दी जाती है।
त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद
संतरे में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं, जिससे उम्र बढ़ने वाले लक्षणों को कम किया जा सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि रोजाना एक संतरा खाने वाले लोग 50 की उम्र में भी जवां दिख सकते हैं। त्वचा की रंगत को निखारने में भी इसे लाभदायक माना जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से प्राप्त जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।