हम जिस तरह की चीजों का सेवन करते हैं, उसका सीधा असर हमारी सेहत को प्रभावित करता है। यही कारण है स्वास्थ्य विशेषज्ञ सभी लोगों को स्वस्थ और पौष्टिक चीजें खाने की सलाह देते हैं। शोध में वैज्ञानिकों ने पाया कि अगर आहार को ही ठीक कर लिया जाए तो इससे वर्तमान में बढ़ रही कई प्रकार की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं के जोखिमों को कम किया जा सकता है। हरी सब्जियों-मौसमी फल, साबुत अनाज और नट्स को सेहत के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है।
Study: खाने के इस तेल से कम हो सकता है समय से पहले मृत्यु का खतरा, विशेषज्ञ ने इसे सेहत के लिए बताया 'रामबाण'
डिमेंशिया के खतरे से बचाने में इसके लाभ
शोधकर्ताओं की एक टीम ने करीब छह दशकों तक ऑलिव ऑयल के होने वाले प्रभावों को समझने के लिए अध्ययन किया। साल 2022 के विश्लेषण में पाया गया कि जिन लोगों ने प्रतिदिन आहार में ऑलिव ऑयल को शामिल किया (एक-डेढ़ चम्मच),उनमें डिमेंशिया के कारण होने वाली मृत्यु का खतरा चार फीसदी तक कम पाया गया।
एक्स्ट्रा-वर्जिन ऑलिव ऑयल पॉलीफेनोल्स से भरपूर होता है, ये एंटीऑक्सीडेंट इंफ्लामेशन के खतरे को कम करके इससे संबंधित कई बीमारियों से बचाने में मदद करती है।
इंफ्लामेशन का जोखिम होता है कम
क्लीवलैंड क्लिनिक में आहार और पोषण विशेषज्ञ क्रिस्टिन किर्कपैट्रिक कहते हैं, सूजन या इंफ्लामेशन किसी भी बीमारी का आधार हो सकता है। अगर हम इसे आधार के रूप में देखते हैं और इसे कंट्रोल करने के लिए प्रयास करते हैं तो यह कई बीमारियों के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है।
अध्ययन में डिमेंशिया के शिकार लोगों में ऑलिव ऑयल से होने वाले फायदों के बारे में पता चलता है। ये तेल हृदय रोग के शिकार लोगों की सेहत के लिए भी काफी लाभकारी पाया गया है।
हृदय की सेहत के लिए भी इसके लाभ
ऑलिव ऑयल किस प्रकार से हमारी सेहत के लिए लाभकारी है, इसे समझने के लिए किए गए अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों को हृदय रोगों की समस्या है उनको भी इससे विशेष लाभ मिल सकता है।
यूरोपीय खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने हृदय से संबंधित स्वास्थ्य जोखिमों को कम करने के लिए एक निश्चित मात्रा में पॉलीफेनोल के सेवन की मंजूरी दी है। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने तीन या चार साल पहले ही रोजाना ऑलिव ऑयल का सेवन शुरू किया उनमें बैड कोलेस्ट्रॉल और इसके कारण होने वाली समस्याओं का जोखिम कम देखा गया है।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
अध्ययनकर्ताओं ने पाया कि एक्स्ट्रा-वर्जिन ऑलिव ऑयल को अध्ययनों में कई प्रकार के स्वास्थ्य लाभ वाला पाया गया है। डिमेंशिया और हार्ट की समस्याओं के कारण होने वाली मौत के जोखिम को कम करने के साथ ये डायबिटीज की जटिलताओं से बचाने में भी काफी लाभकारी हो सकती है। फास्टिंग ब्लड शुगर और इंसुलिन प्रतिरोध कम करने में भी इसके लाभ देखे गए हैं।
एक अध्ययन में पाया गया कि प्रतिदिन 25 ग्राम (सिर्फ दो बड़े चम्मच से कम) ऑलिव ऑयल खाने से टाइप-2 डायबिटीज का खतरा 22% तक कम हो जाता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।