पाचन स्वास्थ्य का ठीक रहना पूरे शरीर को स्वस्थ रखने के लिए आवश्यक है। इसके लिए विशेषज्ञ कुछ आदतों में बदलाव पर जोर देते हैं। अध्ययनों में पाया गया है कि अगर हम दिनभर भरपूर मात्रा में पानी पीते हैं तो इसके कई प्रकार के लाभ हो सकते हैं। वहीं अगर सुबह खाली पेट गर्म पानी पिया जाए तो यह और भी लाभदायक हो सकता है। रोजाना सुबह दो गिलास गर्म पानी पीने की आदत पेट से पूरी गंदगी बाहर करके पाचन स्वास्थ्य में विशेष सुधार करने में आपके लिए मददगार हो सकती है। गर्म पानी पीने की आदत को आंतों से लेकर लिवर को डिटॉक्स करने और फैट को कम करने तक के लिए फायदेमंद पाया गया है।
Health Tips: पेट से पूरी गंदगी बाहर करके पाचन को बूस्ट कर देगी यह एक आदत, फैट बर्न करने में भी इसके लाभ
पेट की कई दिक्कतें होती हैं दूर
डिहाइड्रेशन को कब्ज की समस्या के प्रमुख कारकों में से एक माना जाता है, रोज सुबह गर्म पानी पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है और पाचन स्वास्थ्य भी ठीक होता है। आंतों और लिवर की सफाई होने और अपशिष्टों के बाहर निकलने से इन अंगों के कार्य को और बेहतर किया जा सकता है।
साल 2016 के एक अध्ययन में पाया गया कि सर्जरी के बाद गर्म पानी आंतों को स्वस्थ रखने और गैस कम करने में काफी लाभकारी हो सकती है। हाइड्रेटेड रहने से मल पास करना भी आसान हो जाता है।
फैट बर्न करने में सहायक
यदि आप वजन कम करना चाहते हैं तो भी रोज सुबह गर्म पानी पीने से विशेष लाभ मिल सकता है। यह आदत आपके मेटाबॉलिज्म को सक्रिय करती है, इससे वजन कम करने में मदद मिलती है। गर्म पानी शरीर में फैट के अणुओं का ब्रेक डाउन करके पाचन को आसान बनाती है। इस आदत से शरीर में अतिरिक्त फैट के जमाव को भी कम किया जा सकता है। वजन को कंट्रोल में रखने के लिए भी इस आदत से लाभ मिलता है।
ठंडक-एलर्जी की समस्याएं भी होती हैं कम
सुबह गर्म पानी पीने से इम्युनिटी को भी मजबूती मिलती है, विशेषकर ठंड के मौसम में इसके कई प्रकार के लाभ हैं। गर्म पानी पीने से शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने में मदद मिलती है। इसके अलावा यह गले के संक्रमण और सर्दी-जुकाम की समस्या को कम करने का भी प्रभावी उपाय है। गले की खराश को दूर करने में इस आदत से आपको विशेष फायदा मिल सकता है।
मूड भी रहता है ठीक
अध्ययनों से पता चलता है कि गर्म पानी पीने से केंद्रीय तंत्रिका तंत्र के कार्यों में सुधार होता है, ऐसे में आप कम चिंतित महसूस करते है। साल 2014 के एक अध्ययन के अनुसार, कम पानी पीने से संतुष्टि और सकारात्मक भावनाओं में कमी हो सकती है, इसलिए हाइड्रेटेड रहना आपके मूड को ठीक रखने में भी लाभकारी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।