शरीर को बीमारियों और संक्रमण से बचाए रखने के लिए इम्युनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता का मजबूत रहना बहुत जरूरी है। हमारी प्रतिरक्षा प्रणाली बैक्टीरिया, वायरस और दूसरे हानिकारक रोगाणुओं से मुकाबला करके शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करती है। व्हाइट ब्लड सेल्स, एंटीबॉडी और लिम्फ नोड्स जैसे कई घटक मिलकर मजबूत इम्यून सिस्टम बनाते हैं। हालांकि जब यह प्रणाली कमजोर पड़ने लगती है, तो शरीर में संक्रमण होने और उसके गंभीर रूप लेने का खतरा बढ़ जाता है।
अलर्ट: इम्यून सिस्टम को धीरे-धीरे नुकसान पहुंचाती हैं ये आदतें, ज्यादातर लोग करते हैं रोजाना ये गलतियां
मजबूत इम्युनिटी शरीर को संक्रमण और बीमारियों से बचाने में अहम भूमिका निभाती है। लेकिन नींद की कमी, जंक फूड, शारीरिक निष्क्रियता, शराब-धूम्रपान जैसी आदतें प्रतिरक्षा प्रणाली को प्रभावित कर सकती हैं। जानिए कौन-सी रोजमर्रा की गलतियां आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर कर सकती हैं?
कैसे काम करती है इम्युनिटी?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, हमारे शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली कई कोशिकाओं और प्रोटीन से मिलकर बनी होती है। इसमें सफेद रक्त कोशिकाएं, एंटीबॉडीज और लिम्फ नोड्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।जब कोई वायरस या बैक्टीरिया शरीर में प्रवेश करता है, तो इम्यून सिस्टम उसे पहचानने की कोशिश करता है और उसके खिलाफ प्रतिक्रिया शुरू करता है।
- सफेद रक्त कोशिकाएं रोगाणुओं पर हमला करके उन्हें नष्ट करने में मदद करती हैं।
- एंटीबॉडीज भी संक्रमण पैदा करने वाले तत्वों को पहचानने और निष्क्रिय करने में भूमिका निभाती हैं।
मसलन ये शरीर का ऐसा डिफेंस सिस्टम है जिसमें कोई भी दिक्कत आई तो सेहत के लिए बड़ा खतरा हो सकता है।
नींद पूरी न होने से कैसे कमजोर हो जाती है इम्युनिटी?
रात में पर्याप्त नींद न लेना इम्युनिटी पर असर डाल सकता है। साल 2019 में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक, रोजाना 7-8 घंटे की नींद इम्यून सेल्स यानी टी-सेल्स के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी है। नींद की कमी से स्ट्रेस हार्मोन कोर्टिसोल का स्तर बढ़ सकता है, जिससे प्रतिरक्षा प्रणाली प्रभावित होती है।
- नींद के दौरान शरीर साइटोकाइन्स नामक प्रोटीन बनाता है। ये प्रोटीन संक्रमण और सूजन के खिलाफ इम्यून सिस्टम की प्रतिक्रिया में मदद करते हैं। नींद पूरी न होने से इनका संतुलन प्रभावित हो सकता है, जिससे शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता कमजोर पड़ सकती है।
जंक फूड और ज्यादा चीनी खाने से नुकसान
- प्रोसेस्ड और जंक फूड के अलावा अधिक चीनी वाली चीजें खाने से शरीर में इन्फ्लेमेशन बढ़ सकती है। भोजन में विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स की कमी भी इम्यून सिस्टम की कार्यक्षमता को प्रभावित करती है। इसलिए डाइट में फल, सब्जियां और पौष्टिक खाद्य पदार्थ शामिल करना जरूरी है।
दिनभर बैठे रहना नुकसानदायक
- दिनभर बैठे रहना और व्यायाम न करना भी प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ब्रिटिश जर्नल ऑफ स्पोर्ट्स मेडिसिन में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, नियमित शारीरिक गतिविधियां इम्यून सेल्स को सक्रिय रखने में मदद करती हैं। रोजाना करीब 30 मिनट वॉकिंग, योग या दूसरे व्यायाम करें।
शराब और धूम्रपान सेहत का दुश्मन
शराब का ज्यादा सेवन प्रतिरक्षा प्रणाली को प्रभावित कर सकता है। इससे शरीर की संक्रमण से लड़ने की क्षमता घटने और इम्यून सेल्स के सामान्य कामकाज में बाधा आने का खतरा रहता है।
इसी तरह सिगरेट और तंबाकू का सेवन शरीर की प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया को कमजोर कर सकता है। इससे व्हाइट ब्लड सेल्स के कामकाज और संक्रमण से लड़ने की क्षमता पर असर पड़ता है। अच्छी इम्युनिटी के लिए धूम्रपान से पूरी तरह दूरी बनाना जरूरी है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
