प्रतिरक्षा प्रणाली यानी इम्युनिटी सिस्टम को शरीर का ढाल कहा जा सकता है, जो हमें कई प्रकार की संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखने में मदद करती है। यही कारण है कि कोरोना के समय में सभी लोगों को उन उपायों को करते रहने की सलाह दी जाती रही थी जो इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाती हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, स्वस्थ रहने के लिए जरूरी है कि हम इस दिशा में लगातार प्रयास करते रहें। आहार और लाइफस्टाइल को ठीक रखना यहां सबसे आवश्यक हो जाता है।
Immunity Booster: सिर्फ विटामिन सी-डी से नहीं मजबूत होगी इम्युनिटी, इन पोषक तत्वों को भी करें डाइट में शामिल
- हमारे आहार में कई ऐसी चीजें हैं जो इम्युनिटी सिस्टम को मजबूत बनाती हैं, विटामिन-सी और डी वाली चीजों को इसके लिए सबसे फायदेमंद माना जाता रहा है।
- प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए सिर्फ यही दो काफी नहीं हैं। आइए जानते हैं कि बीमारियों से बचाने वाले इस ढाल को किस प्रकार से मजबूत किया जा सकता है?
विटामिन सी-डी के लाभ
विटामिन-सी एक प्रकार का शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो बायोसिंथेटिक और जीन नियामक एंजाइमों के लिए जरूरी है। यह सफेद रक्त कोशिकाओं को रोगजनकों से मुकाबले में मदद करती है। इसी प्रकार शोधकर्ताओं का कहना है कि विटामिन (डी3) प्रतिरक्षा प्रणाली को बेहतर बनाने में मदद करती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह 10-15 मिनट तक धूप में रहकर या फिर इससे भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करके पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी प्राप्त कर सकते हैं और रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ा सकते हैं।
विटामिन ई भी आवश्यक
विटामिन सी-डी की तरह, विटामिन ई भी एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करती है। यह महत्वपूर्ण विटामिन आपके शरीर में लगभग 200 जैव रासायनिक प्रतिक्रियाओं का हिस्सा है जो प्रतिरक्षा प्रणाली के कार्य करने के तरीके में महत्वपूर्ण है।
विटामिन-ई बालों और कोशिकाओं को स्वस्थ रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। आहार के माध्यम से इसका सेवन जरूर सुनिश्चित करें।
प्रोटीन भी जरूरी
प्रोटीन, अमीनो एसिड से बने होते हैं जो प्रतिरक्षा को बनाने में भूमिका निभाते हैं। ये यौगिक आपकी प्रतिरक्षा प्रणाली के लिए मुख्य टी कोशिकाओं, बी कोशिकाओं और एंटीबॉडी को रोगाणुओं से लड़ने में मदद करते हैं। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों में प्रोटीन की कमी होती है, न सिर्फ उनकी मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं, साथ ही वह अन्य लोगों की तुलना में संक्रामक रोगों के भी अधिक शिकार होते हैं।
क्या आपके भोजन में है जिंक?
जिंक भी हमारी मजबूत इम्यून सिस्टम के लिए जरूरी है। ये श्वेत रक्त कणिकाओं का एक महत्वपूर्ण घटक है जो संक्रमण से लड़ता है। जिंक की कमी अक्सर फ्लू, सर्दी और अन्य वायरल संक्रमणों के प्रति आपको संवेदनशील बनाती है। विशेष रूप से वृद्ध लोगों को जिंक सप्लीमेंट जरूर लेने की सलाह दी जाती है। आहार के माध्यम से आसानी से जिंक की प्राप्ति की जा सकती है।
-------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।