हम सभी हमेशा खुश रहना चाहते हैं, पर क्या ऐसा कर पाते हैं? शायद नहीं। काम के दबाव, सामाजिक और कई तरह के अन्य कारणों के चलते लोगों में तनाव-चिंता जैसी मानसिक स्वास्थ्य की समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। गंभीर स्थितियों में लोग अवसाद के भी शिकार हो जाते हैं, यह सभी स्थितियां आपकी खुशियों के बीच बड़ी अड़चन हो सकती हैं। मनोवैज्ञानिक दृष्टि से समझें तो सेरोटोनिन की कमी को मूड की खराबी और खुशी की भावना में कमी का प्रमुख कारण माना जाता है।
आज का हेल्थ टिप्स: इन चीजों के सेवन से बढ़ती है खुशी की भावना, मूड विकार वाले लोगों के लिए बेहद फायदेमंद
नट्स और सीड्स का सेवन
यदि आपको भी अक्सर मूड से संबंधित समस्या रहती है तो नट्स और सीड्स का सेवन करना विशेष लाभदायक हो सकता है। यह सेरोटोनिन के स्तर को बढ़ाने और खुश रखने में मदद करते हैं। अध्ययनों से पता चलता है कि दिन में मुट्ठी भर नट्स खाने से कैंसर, हृदय रोग और सांस की समस्याओं से भी आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। नट और सीड्स, फाइबर, विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट के भी अच्छे स्रोत होते हैं।
पालक और हरी पत्तेदार सब्जियां
मूड को ठीक रखने में गहरे हरे रंग की पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक आदि का सेवन करना भी लाभदायक माना जाता है। इसे ट्रिप्टोफैन का भी अच्छा स्रोत माना जाता है, ट्रिप्टोफैन एक एमिनो एसिड है जो शरीर में सेरोटोनिन के उत्पादन के लिए महत्वपूर्ण है। पालक, आयरन का भी अच्छा स्रोत है। आयरन शरीर में स्वस्थ लाल रक्त कोशिकाओं को बनाने में मदद करता है। आहार में आयरन की कमी से एनीमिया, ऊर्जा में कमी या सांस लेने में कठिनाई जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डार्क चॉकलेट खाना फायदेमंद
मूड से संबंधित विकारों से परेशान लोगों को लिए डार्क चॉकलेट खाना भी काफी फायदेमंद माना जाता है। डार्क चॉकलेट और कोको में ट्रिप्टोफैन नामक एमिनो एसिड होता है जिसका उपयोग आपका मस्तिष्क न्यूरोट्रांसमीटर सेरोटोनिन का उत्पादन करने के लिए करता है। कोको का सेवन भी मूड को ठीक रखने और खुशी का भावना को महसूस करने में आपके लिए मददगार हो सकता है।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।