हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन की समस्या संपूर्ण सेहत के लिए हानिकारक मानी जाती है। हृदय से लेकर किडनी, पाचन तंत्र, मस्तिष्क और आंखों पर भी इसका दुष्प्रभाव हो सकता है। हालांकि हाई ब्लड प्रेशर के कारण होने वाली समस्याओं में सबसे ज्यादा चर्चा हृदय रोगों की होती है। यह हृदय के लिए रक्त को पंप करने की समस्या से लेकर मांसपेशियों पर दबाव और गंभीर स्थितियों में हार्ट अटैक तक का कारण बन सकता है। पर क्या आप जानते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर किस प्रकार से हृदय के लिए दिक्कतें बढ़ाता है?
Hypertension: हृदय के लिए हानिकारक है हाई ब्लड प्रेशर, पर क्यों? जानिए कैसे होता है शरीर पर इसका असर
हाई ब्लड प्रेशर के कारण हृदय की समस्याएं
हाई ब्लड प्रेशर के कारण हृदय पर होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में अमर उजाला से बातचीत में लखनऊ के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ एस.के श्रीवास्तव बताते हैं, उच्च रक्तचाप सबसे पहले आपकी धमनियों को क्षति पहुंचाता है। इससे धमनियों की लोच कम होने लगती है, जिससे आपके हृदय में रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह कम हो जाता है, यह समस्या अगर लंबे समय तक बनी रहती है तो आपमें हृदय रोग और इससे संबंधित गंभीर जटिलताओं का खतरा अधिक हो सकता है।
समय के साथ, उच्च रक्तचाप के कारण हृदय पर पड़ने वाला दबाव हृदय की मांसपेशियों को कमजोर कर सकता है और जिसके कारण भी आपको हृदय रोगों का जोखिम रहता है। आइए जानते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर की पहचान कैसे की जा सकती है?
दिल की धड़कन हो सकती है अनियमित
उच्च रक्तचाप हृदय की नियमित लय को प्रभावित करता है जिससे आपके दिल की धड़कन के पैटर्न में अनियमितता हो सकती है। इस स्थिति में आपका दिल बहुत तेज या फिर कम गति से धड़कने लगता है। इस प्रकार की स्थिति हृदय की सेहत के लिए दिक्कतें बढ़ाने वाली मानी जाती है। अनियमित दिल की धड़कनों के कारण हृदय के गंभीर रोगों या हार्ट अटैक तक का जोखिम रहता है।
सांस फूलने-थकान की दिक्कत
यदि आप अक्सर सांस फूलने का अनुभव करते हैं जो शारीरिक गतिविधि के साथ और बढ़ जाता है, तो यह उच्च रक्तचाप का लक्षण हो सकता है। इस तरह के संकेत आपके हृदय के लिए अच्छे नहीं हैं। इसके अलावा लंबे समय तक अस्पष्टीकृत थकान भी उच्च रक्तचाप से जुड़ी होती है। यह सिरदर्द, चक्कर आने, धुंधली दृष्टि की समस्या का भी कारण बनती है। इस तरह की दिक्कतों में तुरंत ब्लड प्रेशर की जांच और इसका इलाज कराएं।
कम हो सकता है हृदय में रक्त का प्रवाह
उच्च रक्तचाप के कारण आपके हृदय में रक्त का प्रवाह कम होने लग जाता है जिसके कारण सीने में दर्द की समस्या हो सकती है। इसे एनजाइना भी कहा जाता है। इस दर्द के साथ आपको असहजता, दबाव जैसा महसूस हो सकता है। इस तरह के लक्षण हार्ट अटैक की स्थिति में भी होते हैं इसलिए अगर ये दिक्कत हो रही है तो तुरंत किसी डॉक्टर से मिलकर ब्लड प्रेशर की जांच करें। इसे अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए।
----------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।