Medically Reviewed by Dr. Parvesh Malik
दांत से जुड़ा दर्द बहुत ही पीड़ादायक होता है। इसके मुख्य कारणों में दांतों में कीड़े (कैविटी), संक्रमण, टूटा हुआ दांत, दांत का निकलना और मसूड़े से जुड़ी बीमारी आदि शामिल हैं। दांत का दर्द तब गंभीर हो जाता है, जब यह आसपास के जबड़ों में भी पहुंच जाता है। विशेषज्ञ कहते हैं रात के समय दांत का दर्द अधिक तकलीफदेह हो जाता है। इसलिए अगर आप पहले से ही दांत दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं तो आप किसी डॉक्टर से सलाह लें। हालांकि कुछ घरेलू उपाय भी हैं, जो दांत दर्द में राहत पहुंचा सकते हैं। इसमें नमक पानी शामिल है। गर्म पानी में नमक डालकर इस्तेमाल करने से आपको दांत में होने वाले दर्द से निजात पाने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आप एक गिलास पानी में आधा चम्मच नमक डालें और उससे कुल्ला करें। इससे आपको काफी फायदा मिलेगा। आइए जानते हैं दांत दर्द से निजात पाने के अन्य उपायों के बारे में...
सलाह: रात में अधिक तकलीफ देता है दांत का दर्द, राहत पाने के लिए करें ये घरेलू उपाय
काली मिर्च और नमक का इस्तेमाल दिलाए दांत दर्द से राहत
- काली मिर्च और नमक, दोनों में ही एंटीबायोटिक और सूजनरोधी गुण पाए जाते हैं। ऐसे में इसका मिश्रण दांतों की कई समस्याओं से निजात दिलाने में मदद कर सकता है। ये मिश्रण बनाने के लिए आप पानी की कुछ बूंदों के साथ समान मात्रा में काली मिर्च और नमक मिलाएं और उसे प्रभावित जगहों पर लगाएं। इससे आपको दांत दर्द से राहत मिल सकती है।
लहसुन का करें इस्तेमाल
- लहसुन में भी एंटीबायोटिक और कई औषधीय गुण पाए जाते हैं, जो दर्द को कम करने में प्रभावी माने जाते हैं। दांतों के दर्द से निजात पाने के लिए आप लहसुन का पेस्ट बना लें और उसे नमक और काली मिर्च के साथ मिक्स कर लें। फिर उसे प्रभावित जगह पर लगाएं। इससे दांत का दर्द कम होगा।
लौंग दिलाता है दांत दर्द से राहत
- लौंग में सूजनरोधी, जीवाणुरोधी और एंटीऑक्सीडेंट आदि गुण पाए जाते हैं, जो दांत के दर्द और संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। आप चाहें तो लौंग चबाकर भी खा सकते हैं या उसे पीस लें, फिर उसमें थोड़ा सा जैतून का तेल मिलाएं और उस मिश्रण को प्रभावित जगह पर लगाएं। इससे आपको दांत दर्द से राहत मिलेगी।
अमरूद के पत्तों से मिटाएं दांत का दर्द
- अमरूद के पत्तों में सूजनरोधी और एंटीबायोटिक गुण पाए जाते हैं, जो दांत के दर्द को कम करने में मदद करते हैं। दांत दर्द से राहत पाने के लिए आप अमरूद के एक या दो पत्तों को चबाएं और उसे तब तक चबाते रहें, जब तक कि उसका रस प्रभावित जगह तक न पहुंच जाए। आप चाहें तो अमरूद के पत्तों को उबाल कर, उसमें नमक मिलाकर कुल्ला भी कर सकते हैं। यह भी फायदेमंद हो सकता है।
नोट: डॉ. परवेश मलिक एक फिजिशियन हैं और वर्तमान में पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में कार्यरत हैं। डॉ. मलिक ने हरियाणा के महर्षि मार्कंडेश्वर इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंसेज एंड रिसर्च मुल्लाना, से अपना एबीबीएस पूरा किया है। इन्होंने जनरल मेडिसिन में एमडी भी किया। पानीपत के उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसेन अस्पताल में काम करने से पहले डॉ. परवेश ने एम.एम इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च महर्षि मार्कंडेश्वर यूनिवर्सिटी में जूनियर रेजिडेंट के तौर पर काम किया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।